पिछले कुछ मैचों से लगातार विफल चल रहे टीम इंडिया के ओपनर वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर का इंग्लैंड के खिलाफ 11 जनवरी से शुरू हो रहे वनडे सीरीज में चुना जाना मुश्किल लग रहा है। सूत्रों की मानें तो टेस्ट मैच में खुद को साबित कर चुके चेतेश्वर पुजारा इंग्लैंड के खिलाफ वनडे कैरियर का आगाज कर सकते हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज के लिए टीम का चयन रविवार को यहां किया जाएगा। चयन समिति की सूत्रों के मुताबिक गंभीर और सहवाग दोनों, या फिर दोनों में से एक का टीम से पत्ता साफ होना तय हो गया है। दूसरी ओर पाकिस्तान के खिलाफ मौजूदा सीरीज के दोनों मैच में बैट से शानदार प्रदर्शन करने वाले कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी इस सीरीज में बरकरार रह सहती है।
पुजारा ने मध्य प्रदेश के खिलाफ राजकोट में इसी हफ्ते समाप्त हुए रणजी ट्रॉफी में शानदार दोहरा शतक ठोक अपनी दावेदारी मजबूत की है। पुजारा ने मैच में 150 से 200 तक पहुंचने के लिए मात्र 17 गेंद खेली। इंग्लैंड के खिलाफ पहला वनडे भी इसी मैदान पर होना है इसलिए पूरी संभावना है कि उन्हें वनडे अंतरराष्ट्रीय कैरियर आगाज करने का मौका मिल जाए।
चयनकर्ता इसके अलावा मुरली विजय और अभिनव मुकुंद के नाम पर भी गौर सकते हैं। दोनों इंग्लैंड के खिलाफ रविवार को इंडिया ‘ए’ की तरफ से खेलने उतरेंगे। रोहित शर्मा अपनी जगह बचाने में सफल रह सकते हैं जबकि मध्य प्रदेश के आलराउंडर जलज सक्सेना के नाम पर चयनकर्ता विचार सकते हैं। इस लिहाज से इंग्लैंड के खिलाफ इंडिया ‘ए’ का मैच भी काफी अहम माना जा रहा है।