फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shreyas Iyer Comeback: टी20 टीम से बाहर होने से लेकर कप्तानी की दावेदारी तक, श्रेयस की शानदार वापसी की कहानी

Fri, 05 Jun 2026 08:09 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

टी20 टीम से बाहर होना, लगातार बड़े टूर्नामेंटों में नजरअंदाज किया जाना और फिर दमदार प्रदर्शन के दम पर कप्तानी की दौड़ में सबसे आगे पहुंचना, श्रेयस अय्यर की यह यात्रा भारतीय क्रिकेट की सबसे प्रेरणादायक वापसी कहानियों में शामिल हो सकती है। आइए उनकी वापसी की कहानी को विस्तार से जानते हैं...
विज्ञापन
श्रेयस अय्यर - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय क्रिकेट में श्रेयस अय्यर की वापसी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रही है। एक समय ऐसा था जब वह टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम से पूरी तरह बाहर हो गए थे, लेकिन अब वही खिलाड़ी भारतीय टी20 टीम की कप्तानी का सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शनिवार को इस संबंध में आधिकारिक घोषणा भी की जा सकती है।
विज्ञापन

श्रेयस अय्यर - फोटो : ANI
दिसंबर 2023 के बाद नहीं खेला कोई टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच
श्रेयस अय्यर ने आखिरी बार दिसंबर 2023 में भारत के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला था। इसके बाद उन्हें लगातार दो टी20 विश्व कप और एशिया कप की टीम में जगह नहीं मिली। हालांकि, इन निराशाओं के बावजूद अय्यर ने हार नहीं मानी और घरेलू तथा फ्रेंचाइजी क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन जारी रखा।

लगातार झटकों के बावजूद नहीं टूटा आत्मविश्वास
आईपीएल 2024 में श्रेयस अय्यर ने कप्तान के रूप में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को चैंपियन बनाया। इसके बावजूद उन्हें टी20 विश्व कप टीम में जगह नहीं मिली। उस सीजन में उन्होंने 15 मैचों में 351 रन बनाए थे, लेकिन चयनकर्ताओं को शायद अभी भी उन पर पूरी तरह भरोसा नहीं था।

इसके बाद आईपीएल 2025 की नीलामी में पंजाब किंग्स ने उन्हें 26.75 करोड़ रुपये की भारी कीमत पर अपने साथ जोड़ा। अय्यर ने इस भरोसे को सही साबित करते हुए 604 रन बनाए और टीम को फाइनल तक पहुंचाया। हालांकि पंजाब खिताब जीतने में सफल नहीं हो सकी, लेकिन अय्यर का प्रदर्शन चर्चा का विषय बना रहा। फिर भी उन्हें एशिया कप 2025 और टी20 विश्व कप 2026 की टीम में शामिल नहीं किया गया। मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने संकेत दिया था कि चयन का फैसला टीम संयोजन और टी20 विशेषज्ञ खिलाड़ियों को प्राथमिकता देने के आधार पर लिया गया।

सूर्यकुमार यादव - फोटो : PTI
सूर्यकुमार यादव की खराब फॉर्म बनी चर्चा का विषय
दूसरी ओर, मौजूदा टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव का प्रदर्शन लगातार सवालों के घेरे में रहा। हालांकि उनकी कप्तानी में भारत ने 2026 का टी20 विश्व कप जीता, लेकिन उनकी व्यक्तिगत बल्लेबाजी उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी। एशिया कप और विश्व कप में साधारण प्रदर्शन के बाद आईपीएल 2026 में भी सूर्यकुमार संघर्ष करते नजर आए। उन्होंने 13 मैचों में केवल 260 रन बनाए, जबकि उनकी टीम मुंबई इंडियंस अंक तालिका में नौवें स्थान पर रही।

श्रेयस अय्यर - फोटो : IANS
श्रेयस अय्यर ने फिर पेश की दावेदारी
आईपीएल 2026 में श्रेयस अय्यर ने एक बार फिर अपने बल्ले से जवाब दिया। उन्होंने 498 रन बनाए और पंजाब किंग्स की शुरुआती छह जीतों में अहम भूमिका निभाई। हालांकि टीम प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी, लेकिन अय्यर ने 55.33 की औसत से रन बनाकर अपनी उपयोगिता साबित की। उनकी लगातार अच्छी बल्लेबाजी और सफल कप्तानी ने चयनकर्ताओं का ध्यान एक बार फिर उनकी ओर खींचा है।
विज्ञापन

श्रेयस-तिलक-सैमसन-सूर्यकुमार - फोटो : BCCI/ANI/PTI
क्या भारतीय टी20 टीम को मिलेगा नया कप्तान?
भारतीय चयनकर्ता अब 2028 टी20 विश्व कप और लॉस एंजिलिस ओलंपिक को ध्यान में रखते हुए नई नेतृत्व रणनीति पर काम कर रहे हैं। सूर्यकुमार यादव की फॉर्म को देखते हुए श्रेयस अय्यर का नाम सबसे आगे चल रहा है। हालांकि, संजू सैमसन और तिलक वर्मा जैसे खिलाड़ियों के नाम भी चर्चा में हैं, लेकिन आईपीएल और घरेलू क्रिकेट में अय्यर के सफल नेतृत्व अनुभव ने उन्हें बाकी दावेदारों से आगे कर दिया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें