बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने कथित तौर पर भ्रष्टाचार में लिप्त अपने अंपायरों नादिर शाह और शरफूदुल्ला इबने शाहिद साइकत को लेकर नए सिरे से जांच कराने का फैसला किया है। बीसीबी के मुख्य कार्यकारी निजामुद्दी चौधरी ने एक बयान में कहा, ‘अंपायरों के फिक्सिंग मामले में पहले बनाई गई समिति ने तय समय में अपनी रिपोर्ट नहीं सौंपी है। इसलिए इस मामले की नए सिरे से जांच कराने का निर्णय किया गया है। नई समिति इस मामले की जांच आईसीसी के दिशानिर्देशों के अनुसार करेगी। नई समिति नादिर और शरफूदुल्ला से पूछताछ करेगी।’