भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच रायपुर में होने वाली तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में महिला दर्शकों को स्टेडियम में मुफ्त प्रवेश दिया जाएगा। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुझाव के बाद यह फैसला लिया गया है। सीरीज के सभी मुकाबले शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे।
16, 18 और 20 अक्तूबर को होंगे मुकाबले
भारत और जिम्बाब्वे के बीच टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 16 अक्तूबर को खेला जाएगा। इसके बाद दोनों टीमें 18 और 20 अक्टूबर को आमने-सामने होंगी। तीनों मैच शाम 7 बजे से शुरू होंगे। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के एक सूत्र के मुताबिक, संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को सीरीज के मुकाबले देखने के लिए आमंत्रित किया था। इसी दौरान मुख्यमंत्री ने महिला दर्शकों के लिए मुफ्त टिकट की व्यवस्था करने का सुझाव दिया, जिसके बाद यह पहल की गई।
नवरात्रि के उत्सव में क्रिकेट का रोमांच
संघ के सूत्र ने बताया कि नवरात्रि के दौरान रायपुर में महिला दर्शकों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है। इससे त्योहार के माहौल में क्रिकेट का उत्साह भी बढ़ेगा। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ ने गुरुवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए इस पहल की जानकारी साझा की। साथ ही महिला क्रिकेट प्रशंसकों से बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचकर भारतीय टीम का उत्साह बढ़ाने की अपील की।
स्मृति मंधाना की कप्तानी में नई शुरुआत
भारत-जिम्बाब्वे महिला टी20 सीरीज कई मायनों में खास है। यह स्मृति मंधाना के भारतीय महिला टीम की पूर्णकालिक कप्तान के रूप में कार्यकाल की शुरुआत होगी। वहीं, जिम्बाब्वे की महिला टीम पहली बार भारत के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज खेलेगी। इसके अलावा, रायपुर में पहली बार महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। टी20 सीरीज समाप्त होने के बाद दोनों टीमें तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए वडोदरा रवाना होंगी। वनडे सीरीज 23 से 28 अक्तूबर के बीच खेली जाएगी।
सूरत में होंगे सीनियर महिला टी20 ट्रॉफी के मुकाबले
इस बीच, सीनियर महिला टी20 ट्रॉफी के एलीट ग्रुप-ए के मुकाबलों के आयोजन स्थल में भी बदलाव किया गया है। पहले इन मैचों की मेजबानी नई दिल्ली को करनी थी, लेकिन अब ये मुकाबले गुजरात के सूरत में खेले जाएंगे। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में ड्रेनेज सिस्टम और पिच को बेहतर बनाने का काम प्रस्तावित है। वहीं, पालम ग्राउंड में रणजी ट्रॉफी के मुकाबले होने के कारण अन्य मैचों के आयोजन के लिए पर्याप्त मैदान उपलब्ध नहीं थे। इसके बाद सूरत के सीके पिथावाला ग्राउंड और लालभाई कॉन्ट्रैक्टर स्टेडियम को मुकाबलों के आयोजन के लिए चुना गया है। यहां 26 अक्टूबर से एलीट ग्रुप-ए के मैच शुरू होंगे। इस ग्रुप में मौजूदा चैंपियन महाराष्ट्र के अलावा कर्नाटक, छत्तीसगढ़, बंगाल, गोवा, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर और असम की टीमें शामिल हैं।