अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे आलराउंडर रविंद्र जडेजा ने कहा कि चौथे टेस्ट मैच में इंग्लैंड के खिलाफ चार स्पिनर उतारना भारतीय टीम की अच्छी रणनीति है। जडेजा ने कहा कि इस रणनीति का फायदा दूसरी पारी में देखने को मिलेगा। जडेजा ने कहा, ‘मैच में आगे चार स्पिनर उतारना का फायदा मिलेगा, खासतौर पर दूसरी पारी में। हालांकि अभी विकेट काफी सपाट है और इससे न तो स्पिनरों और न ही तेज गेंदबाजों को मदद मिल रही है। लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ेगा, स्पिनरों को विकेट पर पड़े पैरों के निशानों से काफी टर्न हासिल होगी।’
नागपुर का विकेट बेहद मुश्किल : पीटरसन
इंग्लैंड के बल्लेबाज केविन पीटरसन ने नागपुर क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम के विकेट को बेहद मुश्किल बताया है। उन्होंने कहा कि अभी तक वह जिन विकेटों पर खेले हैं उनमें यह विकेट रन बनाने के लिहाज से सबसे मुश्किल विकेटों में से एक है। पीटरसन ने कहा, ‘रन बनाने के लिहाज से मैं अभी तक जिन विकेटों पर टेस्ट क्रिकेट खेला हूं, उनमें यह बेहद मुश्किल है। मुझे नहीं पता कि यह विकेट बाद में कैसी होगी।’ साथ ही पीटरसन ने कहा कि टीम ने पहले दिन यदि बड़ा स्कोर नहीं बनाया तो इसका मतलब यह नहीं कि सबकुछ खत्म हो गया।