इमरान खान और उनकी पूर्व पत्नी जेमिमा गोल्डस्मिथ
- फोटो : एएनआई
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पूर्व पत्नी जेमिमा गोल्डस्मिथ ने करोड़पति फाइनेंसर कैमरन ओ राइली से दूसरी शादी कर ली है। गोल्डस्मिथ परिवार ने इस खबर का जश्न मनाते हुए इसकी पुष्टि की। पेशे से फिल्म निर्माता गोल्डस्मिथ (52) की शादी पाकिस्तानी क्रिकेटर से नेता बने इमरान खान से हुई थी। 2004 में तलाक होने से पहले वे करीब नौ साल तक साथ रहे। उनके दो बेटे हैं, सुलेमान और कासिम। इमरान फिलहाल रावलपिंडी जेल में बंद हैं।
भाई ने साझा की पोस्ट
जेमिमा गोल्डस्मिथ के भाई बेन की पत्नी जेमिमा जोन्स ने इंस्टाग्राम पर अपने पति के साथ तस्वीर पोस्ट करते हुए कहा, 'अपने पसंदीदा साथी के साथ जेमिमा और कैमरन की शादी का जश्न मना रही हूं, कितना खुशनुमा दिन है।' माना जाता है कि 62 वर्षीय आयरिश-ऑस्ट्रेलियाई व्यवसायी ओ’राइली और जेमिमा गोल्डस्मिथ ने सप्ताहांत में एक शानदार समारोह में शादी की।
फिल्मों और वृत्तचित्रों में अपनी समान दिलचस्पी के कारण दोनों एक-दूसरे के करीब आए। निर्माण कंपनी इंस्टिंक्ट प्रोडक्शंस की संस्थापक जेमिमा गोल्डस्मिथ ने कई शो और फिल्मों की कहानियां लिखी और निर्माण किया, जिनमें शेखर कपूर के निर्देशन में बनी रोमांटिक कॉमेडी व्हाट्स लव गॉट टू डू विद इट? भी शामिल है।
लंबे समय से जेल में बंद हैं इमरान
पाकिस्तान को 1992 का विश्व कप जीताने वाले इमरान खान भ्रष्टाचार के आरोप में 2023 से जेल में बंद हैं। जेल में उनकी तबियत लगातार बिगड़ती जा रही है। कई पूर्व क्रिकेटरों ने इमरान खान को लेकर चिंता जताई है, पाकिस्तान सरकार से उनके लिए बेहद चिकित्सा सुविधा बहाल करने का अनुरोध किया है। इमरान खान के स्वास्थ्य के प्रति चिंता जताते हुए दुनिया की अलग-अलग टीमों के 21 पूर्व कप्तानों ने पाकिस्तानी अधिकारियों को पत्र लिखा है। पत्र लिखने वालों में इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और मौजूदा समय के मशहूर कमेंटेटर माइकल एथरटन भी शामिल हैं।
बेटों ने जताई थी चिंता
इमरान खान के बेटों सुलेमान और कासिम ने अपने पिता की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई थी। इन्होंने कहा था कि इमरान को जेल में मारने के लिए खुलेआम प्रयास किए जा रहे हैं। दोनों भाइयों ने बताया था कि वे 2022 के बाद से जब इमरान एक हत्या के प्रयास में बच गए थे तभी से अपने पिता से आमने-सामने नहीं मिले हैं और मार्च में उनकी अपने पिता से आखिरी बार टेलीफोन पर बातचीत हुई थी।