वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर बर्नार्ड जूलियन का 75 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। जूलियन 1957 वनडे विश्व कप की विजेता टीम का हिस्सा थे जिसने इस वैश्विक टूर्नामेंट का पहला खिताब जीता था। जूलियन ने उस विश्व कप में शानदार प्रदर्शन किया था और ग्रुप चरण के मैच में श्रीलंका के खिलाफ 20 रन देकर चार विकेट लिए थे, जबकि सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ 27 रन देकर चार विकेट झटके थे।
क्लाइव लॉयड ने जूलियन को किया याद
जूलियन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल में 37 गेंदों पर 26 रनों की पारी खेली थी और टीम को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। उस टूर्नामेंट में जूलियन टीम के बेहतरीन ऑलराउंडर के तौर पर उभरे थे जिन्हें गेंदबाजी, बल्लेबाजी और फील्डिंग में शानदार प्रदर्शन किया था। वेस्टइंडीज को अपनी कप्तानी में दो विश्व कप दिलाने वाले क्लाइव लॉयड ने जूलियन को याद करते हुए कहा, वह हमेशा अपना 100 प्रतिशत से ज्यादा देते थे। वह कभी अपनी जिम्मेदारियों से पीछे नहीं हटते थे और मैं हमेशा बल्ले और गेंद दोनों से जूलियन पर भरोसा कर सकता था। उन्होंने हर समय अपना सर्वश्रेष्ठ दिया। वह कितने बेहतरीन क्रिकेटर थे। हम सभी उनका पूरा सम्मान करते थे। वह खूब मजे करते थे और आसपास के सभी लोग उन्हें प्यार करते थे। मुझे याद है कि हमने लॉर्ड्स में टेस्ट मैच जीता था और जूलियन ने वहां खड़े होकर काफी देर तक ऑटोग्राफ दिए थे। हम जहां भी जाते थे उनका बहुत सम्मान किया जाता था।
जूलियन का करियर
जूलियन ने वेस्टइंडीज के लिए 24 टेस्ट मैच और 12 वनडे मैच खेले। उन्होंने लाल गेंद के प्रारूप में 866 रन बनाए और 50 विकेट झटके। वहीं, वनडे क्रिकेट में उन्होंने 86 रन बनाने के अलावा 18 विकेट चटकाए। क्रिकेट वेस्टइंडीज ने भी जूलियन के निधन पर शोक प्रकट किया। क्रिकेट वेस्टइंडीज के अध्यक्ष किशोर शेलो ने एक बयान में कहा, बर्नार्ड जूलियन का सम्मान करते हुए हम उनके महत्व को समझते हैं। बर्नार्ड जूलियन के परिवार, दोस्तों और प्रियजनों के प्रति हम अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। उनका निधन हमें याद दिलाता है कि उद्देश्यपूर्ण जीवन कभी भी हमें नहीं छोड़ता। क्रिकेट वेस्टइंडीज इस दुःख की घड़ी में आपके साथ है। वेस्टइंडीज क्रिकेट के लिए उनका योगदान हमेशा अमर रहेगा।