सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) इंदु मल्होत्रा दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) की नई लोकपाल सह आचरण अधिकारी होंगी। अध्यक्ष रोहन जेटली की अगुआई में डीडीसीए की आम सभा ने 65 साल की न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) इंदु की नियुक्ति पर फैसला किया। इस बात की जानकारी डीडीसीए के निदेशक दिनेश शर्मा ने बुधवार को समाचार एजेंसी पीटीआई को दी। उन्होंने बताया, 'आम सभा की बैठक में कई फैसले किए गए और न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) इंदु मल्होत्रा की एक साल के लिए नियुक्ति की गई। वह जल्द ही प्रभार संभालेंगी।' वर्ष 2007 में न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) इंदु को उच्चतम न्यायालय ने वरिष्ठ अधिवक्ता बनाया था और वह तीन दशक के अंतर के बाद नामित होने वाली सिर्फ दूसरी महिला थीं। उच्चतम न्यायालय में 30 साल तक अधिवक्ता की भूमिका निभाने के बाद उनके नाम की सिफारिश सर्वसम्मति से उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति के लिए की गई।