दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल मुकाबले के लिए दक्षिण अफ्रीका टीम को अपनी शुभकामनाएं दी है। स्मिथ ने उम्मीद जताई कि तेम्बा बावुमा की अगुआई वाली टीम लॉर्ड्स मैदान पर 2012 की सफलता दोहराएगी। मालूम हो कि दक्षिण अफ्रीका ने 2012 में लॉर्ड्स पर इंग्लैंड को हराया था और वह नंबर एक टेस्ट टीम बन गई थी।
11 जून से खेला जाएगा डब्ल्यूटीसी फाइनल
दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच लॉर्ड्स पर 11 जून से डब्ल्यूटीसी का खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। दक्षिण अफ्रीका की नजरें दो दशक से अधिक समय बाद अपनी पहली आईसीसी ट्रॉफी जीतने पर होंगी, जबकि पैट कमिंस की अगुआई वाली टीम डब्ल्यूटीसी का खिताब बरकरार रखना चाहेगी। ऑस्ट्रेलिया ने 2023 में भारत को हराकर डब्ल्यूटीसी का खिताब अपने नाम किया था।
स्मिथ के लिए यादगार है लॉर्ड्स
स्मिथ के लिए लॉर्ड्स का मैदान काफी यादगार है क्योंकि उनकी कप्तानी में ही टीम नंबर एक टेस्ट टीम बनी थी। स्मिथ ने 259 रन बनाए थे जो किसी विदेशी बल्लेबाज का सर्वोच्च स्कोर भी है। स्मिथ ने कहा, हम बावुमा और टीम के साथ हैं। 2012 में लॉर्ड्स में मेरी टीम ने सफलता हासिल की थी और अब मुझे बावुमा और उनके खिलाड़ियों की इस टीम को यहां सफलता हासिल करते देखकर बहुत खुशी होगी। सभी दक्षिण अफ्रीकी लोगों को एकजुट होकर इस महत्वपूर्ण मिशन पर टीम का समर्थन करना चाहिए।
लॉर्ड्स के बारे में स्मिथ ने कहा, लॉडर्स खास है, बहुत खास। मेरे जेहन में उसकी बहुत सारी सकारात्मक यादें हैं। खचाखच भरे लॉडर्स मैदान पर सीढियों से उतरकर मैदान पर खेलने के लिए जाने का अहसास ही अलग है। यह आपके करियर में रोंगटे खड़े करने वाले पलों में से है। मैने 2003 में वहां दोहरा शतक बनाया, टेस्ट मैच जीता, मखाया एनटिनी ने 10 विकेट लिए और यह हमारी उस मैदान की सुनहरी यादें हैं। हम 2012 में एक टीम के तौर पर अपने चरम पर थे। हमारे पास इतने शानदार खिलाड़ी और कोचिंग स्टाफ था।
पिछले कुछ आईसीसी टूर्नामेंट में किया शानदार प्रदर्शन
दक्षिण अफ्रीका ने पिछले दो साल में आईसीसी टूर्नामेंटों में बेहतरीन प्रदर्शन किया है और कई बार टीम खिताब के करीब पहुंची है। दक्षिण अफ्रीका ने पुरुष वनडे विश्व कप, चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में प्रवेश किया, टी20 विश्व कप 2024 का फाइनल खेला और अब उसे आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल खेलना है।