दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान एबी डिविलियर्स ने कहा है कि टेस्ट कप्तान के रूप में तेम्बा बावुमा की सफलता ने उन्हें आश्चर्यचकित कर दिया है। उन्होंने कहा कि वह 2023 में बावुमा को कप्तान नियुक्त करने के फैसले को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नहीं थे। बावुमा ने ऐसे समय में पदभार संभाला था जब दक्षिण अफ्रीका टेस्ट क्रिकेट में मुश्किल दौर से गुजर रहा था, लेकिन 35 वर्षीय इस खिलाड़ी की अगुआई में टीम में ऐसा प्रदर्शन किया जिसकी उम्मीद कम ही लोगों ने की थी।
बावुमा की अगुआई में दक्षिण अफ्रीका ने जीता था डब्ल्यूटीसी खिताब
डिविलियर्स ने बावुमा की तुलना पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से करते हुए कहा कि बावुमा ड्रेसिंग रूम में सम्मान के पात्र हैं और दबाव को शांत एवं संतुलित व्यवहार से संभालते हैं। बावुमा की अगुआई में हाल ही में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को टेस्ट मैच सीरीज में 2-0 से हराया था। यह दक्षिण अफ्रीका की 25 वर्षों में भारत में पहली टेस्ट सीरीज जीत है। इससे पहले बावुमा के कप्तान रहते दक्षिण अफ्रीका ने फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराकर विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) 2023-25 चक्र का खिताब अपने नाम किया था।
डिविलियर्स ने यू-ट्यूब पर अश्विन से बातचीत में कहा, बावुमा ने हम सभी को चौंका दिया है। मैं अपने दोस्तों से इस बारे में वर्षों से बात करता आ रहा हूं। उसे कप्तान बनाए जाने के बाद शुरुआती कुछ वर्षों तक मुझे यह कहने में झिझक हो रही थी कि मुझे इस फैसले पर पूरा भरोसा है। शायद यह पुरानी कहावत की याद दिलाता है आप किसी किताब का मूल्यांकन उसके कवर से नहीं कर सकते। वह ग्रीम स्मिथ की तरह नहीं दिखते। बावुमा एक छोटे कद के मृदुभाषी व्यक्ति हैं। वह शायद ही कभी अपनी आवाज ऊंची करते हैं। इससे पता चलता है कि कप्तानी के अलग-अलग तरीके सफल हो सकते हैं।
डिविलियर्स ने कहा, मुझे लगता है कि उस जमाने में धोनी के साथ भी ऐसा ही था। मैंने उनकी आवाज कम ही सुनी थी। वह शांत रहते थे, ज्यादा बोलते नहीं थे, लेकिन जब बोलते थे, तो लोग उनकी बात सुनते थे। मुझे लगता है कि बावुमा के साथ भी ऐसा ही होगा। वह शांत रहकर सम्मान अर्जित करते हैं। यह बिल्कुल अविश्वसनीय है। उन्होंने अपनी सफलता से मुझे हैरान कर दिया है।