चैंपियंस ट्रॉफी को लेकर चल रहा विवाद सुलझने के करीब है और पाकिस्तान के पूर्व बल्लेबाज बासित अली का कहना है कि आईसीसी, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) और ब्रॉडकास्टर के बीच करार हो गया है। चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन अगले साल पाकिस्तान में होना है, लेकिन भारत ने इसके लिए पाकिस्तान की यात्रा करने से इन्कार कर दिया था।
ऐसा माना जा रहा था कि पीसीबी ने चैंपियंस ट्रॉफी के हाइब्रिड मॉडल को सशर्त मंजूरी दी है। बासित ने कहा, सभी को पता है कि चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन हाइब्रिड मॉडल के तहत होगा जिसके लिए पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी तैयार हो गए हैं। लेकिन इसके लिए उन्होंने शर्त रखी है कि यही हाइब्रिड मॉडल 2026 में भारत में होने वाले टी20 विश्व कप के लिए भी अपनाया जाएगा।
बासित ने दावा किया कि आईसीसी ने पाकिस्तान को प्रस्ताव दिया है कि अगर पाकिस्तान 2026 टी20 विश्व कप के लिए अपनी टीम भारत भेजता है तो उसे 2027-28 में महिला विश्व कप की मेजबानी मिलेगी। बासित ने कहा, अब कहा जा रहा है कि 2027 या 2028 में महिला विश्व कप की मेजबानी पाकिस्तान को दी जाएगी। सभी को इससे खुशी हो रही है, लेकिन ऐसा तब होगा जब 2026 में पाकिस्तान अपनी टीम भारत भेजेगा और फिर भारतीय महिला टीम पाकिस्तान जाएगी। इससे ब्रॉडकास्टर को नुकसान नहीं होगा।
बासित ने कहा, आईसीसी ने यह पीसीबी को लॉलीपॉप दिया है कि आप इस पर राजी हो जाओ। लिखित में कुछ नहीं दिया जाएगा और हम आपको एक अन्य आईसीसी टूर्नामेंट की मेजबानी देंगे।
'एशिया कप की मेजबानी की मांग करे पीसीबी'
इस 53 वर्षीय पूर्व बल्लेबाज ने कहा कि पीसीबी को एशिया कप के अधिकार प्राप्त करने के बारे में पूछना चाहिए, भले ही इसका फैसला एशिया क्रिकेट परिषद (एसीसी) लेता है, आईसीसी नहीं। बासित ने कहा, पीसीबी को एशिया कप की मेजबानी के बारे में पूछना चाहिए जिसमें भारत-पाकिस्तान के दो-तीन मैच हो सकेंगे। मुझे पता है कि वे कहेंगे कि यह एसीसी का मसला है, लेकिन आखिरी में बॉस तो आईसीसी है।