भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज कृष्णमाचारी श्रीकांत अब मौजूदा टी-20 टीम में नए ओपनर को देखना चाहते हैं। बतौर श्रीकांत अब टी-20 टीम में शिखर धवन की जगह किसी अन्य खिलाड़ी को मौका देना चाहिए। टाइम्स ऑफ इंडिया के माध्यम से श्रीकांत ने कहा कि टी-20 में टीम को जैसी शुरुआत चाहिए होती धवन वैसी शुरुआत नहीं दे पा रहे हैं। ऐसे में टीम में उनकी जगह केएल राहुल को मौके देने चाहिए।
टी-20 क्रिकेट में पिछले कुछ समय से धवन अपनी फॉर्म से जूझ रहे हैं और अपनी छवि के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं। मुश्ताक अली ट्रॉफी में चोटिल होने की वजह से उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 सीरीज से भी बाहर होना पड़ा है। उनकी जगह युवा विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को टीम में शामिल किया गया है।
34 वर्षीय धवन की फॉर्म का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि साल 2019 में उन्होंने 12 अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैच में मात्र 272 रन बनाए हैं।
श्रीकांत ने कहा कि टी-20 में शुरू से ही तेज बल्लेबाजी की जरुरत होती है लेकिन पिछले कुछ समय से भारत इस क्षेत्र में कमजोर साबित हुआ है।