श्रीलंका के खिलाफ गॉल में खेले गए पहले टेस्ट मैच में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कुलदीप यादव को लंबा स्पेल नहीं दिया। अब इसे लेकर पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने कड़ी नाराजगी जताई है। कैफ का मानना है कि इससे यह साफ झलकता है कि कप्तान का इस कलाई के स्पिनर पर पूरा भरोसा नहीं है, जबकि कुलदीप भारतीय क्रिकेट के लिए एक अनोखा उपहार हैं।
पहले टेस्ट में सिर्फ 25 ओवर की गेंदबाजी
गॉल की स्पिन अनुकूल पिच पर जहां मानव सुथार ने 10 विकेट लिए और रवींद्र जडेजा ने भी बहुमूल्य विकेट चटकाए, वहीं कुलदीप यादव को काफी कम गेंदबाजी का मौका मिला। सुथार और जडेजा ने दोनों पारियों में लगभग 44-44 ओवर फेंके, वहीं कुलदीप को पूरे मैच में सिर्फ 25 ओवर ही मिल पाए। हालांकि भारत ने यह मुकाबला 165 रनों से जीत लिया। दोनों टीमों के बीच अब रविवार से सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच खेला जाना है।
कुलदीप को लंबे स्पेल देने पर दिया जोर
अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए मोहम्मद कैफ ने कहा, कुलदीप के इस्तेमाल के तरीके से यह साफ है कि शुभमन गिल को कुलदीप यादव पर पूरा भरोसा नहीं है। मेरे नजरिए से देखा जाए तो कुलदीप जैसा अनूठा गेंदबाज आपको बार-बार नहीं मिलता। ऐसे गेंदबाज इतिहास में सिर्फ एक या दो बार ही आते हैं। हमें भविष्य में जडेजा का विकल्प मिल सकता है, जैसे हमारे पास सुथार हैं। फिर हमारे पास अश्विन के बाद वाशिंगटन सुंदर आए, लेकिन कुलदीप एक अनोखा उपहार हैं।
कैफ ने इस बात पर भी जोर दिया कि कलाई के स्पिनरों को लय हासिल करने और अपनी गलतियों में सुधार करने के लिए लंबे स्पेल की जरूरत होती है। उन्होंने कहा, जब आप किसी गेंदबाज को स्पेल देते हैं, खासकर कलाई के स्पिनर को तो आपको उसे लंबा स्पेल देना होता है। छोटे स्पेल कुलदीप के लिए मददगार साबित नहीं हो रहे हैं। लंबे स्पेल से आपको अपनी गलतियों को सुधारने का मौका मिलता है। लय में आने के लिए समय चाहिए होता है। शुभमन गिल ने उस लिहाज से उनका साथ नहीं दिया।
शास्त्री की बात का किया समर्थन
कैफ ने पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री की उस बात का भी समर्थन किया जिसमें शास्त्री ने कुलदीप को विदेशी परिस्थितियों में भारत का नंबर एक स्पिनर बताया था। कैफ का मानना है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी दो मैचों की सीरीज में जहां पिचें सपाट या कम टर्न वाली हो सकती हैं, कुलदीप की भूमिका बेहद अहम होगी। उन्होंने कहा, मैं रवि शास्त्री की इस बात से सहमत हूं कि कुलदीप विदेशी परिस्थितियों में हमारे नंबर-1 स्पिनर हैं। टर्निंग पिचों पर आपको सिर्फ सटीकता चाहिए होती है। आप एक ही जगह पर गेंदबाजी करके किसी तरह विकेट ले लेंगे। लेकिन न्यूजीलैंड में आपको वैसी टर्निंग पिचें नहीं मिलेंगी। मुझे लगता है कि कुलदीप सपाट पिचों पर या ऐसी पिचों पर जहां ज्यादा टर्न न हो, एक बड़ी भूमिका निभाएंगे। कप्तान और टीम प्रबंधन को उनका आत्मविश्वास ऊंचा रखना होगा।
कोलंबो में 23 अगस्त से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट मैच को लेकर कैफ का अनुमान है कि भारत मध्य प्रदेश के ऑफ स्पिनर सारांश जैन को डेब्यू का मौका दे सकता है। गॉल टेस्ट में श्रीलंका के बाएं हाथ के बल्लेबाज निरोशन डिकवेला और सोनल दिनुशा ने रन बनाए थे, ऐसे में कैफ का मानना है कि बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ सारांश जैन काफी उपयोगी साबित हो सकते हैं।
सारांश को मिल सकता है डेब्यू का मौका
कैफ ने कहा, मुझे लगता है कि भारत कोलंबो में सारांश जैन को खिलाने पर विचार कर सकता है। जिन दो बल्लेबाजों ने रन बनाए, डिकवेला और सोनल, वे दोनों बाएं हाथ के हैं। एक समय ऐसा आया जब शुभमन गिल को बल्लेबाजी के दौरान एक ऑफ स्पिनर की तलाश थी। श्रीलंका के इन फॉर्म बाएं हाथ के बल्लेबाजों को देखते हुए, हो सकता है कि कुलदीप को बाहर बैठना पड़े। पहले यह मुकाबला सुथार बनाम सारांश था, अब यह कुलदीप बनाम सारांश होगा।"
मालूम हो कि कुलदीप यादव ने 2018 में अपने टेस्ट डेब्यू के बाद से अब तक 19 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 23.36 की औसत से 80 विकेट लिए हैं। इस दौरान उनके नाम चार चार-विकट और पांच पांच-विकट हॉल दर्ज हैं, और उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 40 रन देकर 5 विकेट लेना रहा है। हालांकि, इस साल उन्होंने दो टेस्ट खेले हैं, जिसमें 41 से अधिक के औसत से केवल चार विकेट ही उनके हाथ लगे हैं। श्रीलंका के खिलाफ दूसरा टेस्ट मैच 23 अगस्त से कोलंबो में शुरू होने जा रहा है।