भारत को अपनी कप्तानी में अंडर-19 विश्व कप का खिताब दिलाने वाले यश ढुल दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) में चमक बिखेर रहे हैं। ढुल ने शनिवार को बारिश से प्रभावित इस मैच में शतक जमाया जिससे सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स को 15 रन से हराया। ढुल का कहना है कि वह शीर्ष स्तर के क्रिकेट में जगह बनाने के अपने सपने को पूरा करने के लिए खुद को मिले अवसरों का फायदा उठाना चाहते हैं।
हृदय की सर्जरी के कारण ढुल को लेना पड़ा था ब्रेक
पिछले वर्ष जुलाई में एक जन्मजात समस्या के कारण हृदय की सर्जरी के कारण ढुल को विश्राम लेना पड़ा और उसके बाद उन्होंने मजबूत वापसी करने पर ध्यान केंद्रित किया। यश ढुल ने कहा, मैं इस बारे में सोचता हूं कि मुझे जो अवसर मिला है उसका मैं कैसे फायदा उठाऊं। अगर आप भविष्य के बारे में बहुत ज्यादा सोचते हैं तो आप वर्तमान में अच्छा नहीं खेल सकते। मैं केवल मौजूदा अवसरों पर ध्यान केंद्रित करता हूं। मैं लाल गेंद से भी अभ्यास कर रहा हूं। राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (अब बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) में सफेद गेंद से लाल गेंद के क्रिकेट में बदलाव के बारे में जो सीख मिली उससे मुझे काफी फायदा मिल रहा है।
ढुल बोले- खुद को मानसिक रूप से मजबूत रखा
यश ढुल ने कहा, उस घटना ने मेरी बहुत मदद की क्योंकि मुझे पता चला कि मैं क्या कर सकता हूं। उस समय कोई भी मेरे साथ नहीं खड़ा था। मुझे पता था कि मैं अकेला हूं और मेरे पास अच्छी वापसी करने के अलावा कोई विकल्प नहीं था। मैंने बस खुद को मानसिक रूप से मजबूत रखा। मुझे खुद पर भरोसा था। मुझे पता था कि मैं एक दिन फिर से खेलूंगा और मुझे पता था कि कैसे खेलना है और कैसे खेलूंगा।