भारत को कोच रहते 2011 वनडे विश्व कप का खिताब दिलाने वाले गैरी कर्स्टन नामीबिया की पुरुष राष्ट्रीय टीम के सलाहकार बनाए गए हैं। कर्स्टन अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप की तैयारियों के लिए मुख्य कोच क्रैग विलियम्स के साथ मिलकर काम करेंगे। इस वैश्विक टूर्नामेंट का आयोजन अगले साल फरवरी-मार्च में भारत और श्रीलंका की मेजबानी में होगा।
नामीबिया टीम के साथ काम करने के लिए उत्सुक हैं कर्स्टन
कर्स्टन ने क्रिकेट नामीबिया के एक बयान में कहा, क्रिकेट नामीबिया के साथ काम करना वास्तव में सौभाग्य की बात है। उनका नया अत्याधुनिक क्रिकेट स्टेडियम इस बात का प्रमाण है कि वे यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि उनकी राष्ट्रीय टीमें विश्व के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट देशों के साथ प्रतिस्पर्धा करें। नामीबिया की सीनियर पुरुष राष्ट्रीय टीम अच्छा प्रदर्शन कर रही है और मैं अगले साल फरवरी में होने वाले टी20 विश्व कप के लिए उनकी तैयारी में योगदान देने के लिए उत्सुक हूं।
पाकिस्तान टीम के कोच रह चुके हैं कर्स्टन
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व सलामी बल्लेबाज कर्स्टन ने 2004 में संन्यास लेने के बाद कोचिंग की शुरुआत की और 2007 में उन्हें भारत का मुख्य कोच नियुक्त किया गया। उनके कार्यकाल में भारत ने 2011 का वनडे विश्व कप जीता था। बाद में उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के मुख्य कोच और दुनिया भर की कई टी20 फ्रेंचाइजी लीग की टीमों के साथ काम किया। उन्होंने 2024 में पाकिस्तान की पुरुष टीम के मुख्य कोच के रूप में भी काम किया। टी20 विश्व कप 2024 से पहले कर्स्टन पाकिस्तान टीम के कोच बने थे, लेकिन पाकिस्तान का सफर शुरुआती चरण में ही थम गया था।