टीम इंडिया के पूर्व तेज गेंदबाज आर पी सिंह ने मंगलवार को क्रिकेट के सभी फॉर्मेटों से संन्यास लेने की घोषणा कर दी। उन्होंने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर एक भावुक मैसेज लिखकर इस बात की जानकारी दी। अपने इस भावुक ट्वीट में उन्होंने कहा कि वह अपनी इस पारी का अंत कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने सभी लोगों को धन्यवाद ज्ञापन भी किया, जिन्होंने उनके करियर को सफल बनाया।
सबसे दिलचस्प बात यह है कि जिस दिन आर पी सिंह ने इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था, उसी दिन उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया। बता दें कि साल 2005 में जिम्बाब्वे के खिलाफ वन-डे डेब्यू करने वाले सिंह ने टीम इंडिया के लिए 14 टेस्ट, 58 वन-डे और 10 टी-20 मैच खेले हैं। हालांकि, वह ज्यादा दिनों तक क्रिकेट में सक्रिय नहीं रहे। उन्होंने केवल 6 साल क्रिकेट को दिया।
आर पी सिंह ने साल 2011 में अपना आखिरी टेस्ट और वन-डे दोनों इंग्लैंड के खिलाफ ही खेला था। उसके बाद वह क्रिकेट से दूर रहकर कमेंट्री करने लगे। 6 साल के दौरान क्रिकेट के तीनों फॉर्मेटों में उन्होंने 100 से ज्यादा विकेट हासिल किए हैं।
वहीं, 82 आईपीएल मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 90 विकेट चटकाए हैं। वह आईपीएल का पहला सीजन साल 2008 में डेक्कन चार्जर्स की तरफ से खेले थे। वह आईपीएल से 6 सीजन तक जुड़े रहे। इस दौरान उन्होंने पांच अलग-अलग टीमों की तरफ खेले। उन्होंने आखिरी आईपीएल साल 2016 में पूणे सुपरजायंट की तरफ से खेले थे। फिलहाल, सिंह क्रिकेट कमेंटेटर के रूप में नजर आते हैं और इससे जुड़े हैं।