भारतीय टीम शुभमन गिल के नेतृत्व में इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में खेलने के लिए तैयार है। इस सीरीज का काउंटडाउन शुरू हो चुका है और इससे दोनों टीमें विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के नए चक्र की शुरुआत करेंगी। सीरीज से पहले पूर्व भारतीय क्रिकेटर दिनेश कार्तिक ने नए टेस्ट कप्तान शुभमन गिल को एक सलाह दी है।
कार्तिक बोले- गिल को जिम्मेदारी का अभी पूरा अहसास नहीं
गिल पहली बार टेस्ट प्रारूप में भारतीय टीम की कमान संभालने जा रहे हैं, लेकिन कार्तिक का मानना है कि गिल को इस जिम्मेदारी का अभी पूरा अहसास नहीं हुआ है। इस सीरीज में भारतीय टीम रोहित शर्मा, विराट कोहली और रविचंद्रन अश्विन जैसे दिग्गज क्रिकेटरों के बिना उतरेगी जिन्होंने टेस्ट प्रारूप को अलविदा कह दिया है। कार्तिक ने गिल को सुझाव देते हुए कहा कि उन्हें ड्रेसिंग रूम में सम्मान पाने के लिए अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान केंद्रित करना जरूरी है।
कार्तिक ने एक पॉडकास्ट पर कहा, मैं पहला सुझाव जो शुभमन गिल को देना चाहता हूं वह यह है कि आप अपनी कप्तानी की भूमिका सिर्फ फील्डिंग करते समय निभाएं। अपनी बल्लेबाजी पर ज्यादा ध्यान केंद्रित करें। गिल को ड्रेसिंग रूम में सम्मान पाने के लिए रन बनाने ही होंगे। सेना (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया) देशों में बल्लेबाज के रूप में उनका औसत ऐसा नहीं है जिस पर उन्हें गर्व होगा।
गिल के पास 18 साल का सूखा समाप्त करने का मौका
गिल ने भारत के लिए 32 टेस्ट खेले है लेकिन सेना देशों में वह नियमित तौर पर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे हैं। भारत ने आखिरी बार 2007 में इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज जीती थी। गिल के सामने पहली बार कप्तान के तौर पर उस उपलब्धि को दोहराने की चुनौती है। कार्तिक ने कहा, मुझे नहीं लगता कि उन्हें अभी तक भारत के लिए टेस्ट कप्तान होने के महत्व का एहसास हुआ है। वह शेर की मांद में जा रहे हैं। एक क्रिकेट राष्ट्र के तौर पर इंग्लैंड में आना आसान नहीं है। गिल की किस्मत हालांकि थोड़ी अच्छी है क्योंकि इंग्लैंड की गेंदबाजी उतनी मजबूत नहीं है। मैं भारत के नजरिये से यही एकमात्र साकारात्मक पहलू देख रहा हूं। इंग्लैंड की बल्लेबाजी भारत पर दबाव बनाएगी, लेकिन गेंदबाजी एक ऐसा क्षेत्र है जिस पर इंग्लैंड को काम करना है और यह भारत के लिए फायदेमंद हो सकता है।