भारतीय टीम के पूर्व मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने रोहित शर्मा की जमकर तारीफ की है। उन्होंने बताया है कि किस तरह रोहित के होने से उनका काम आसान हो जाता था।
रोहित शर्मा और राहुल द्रविड़ की जुगलबंदी के किस्से किसी से भी छिपे हुए नहीं हैं। दोनों ने लंबे समय तक भारतीय ड्रेसिंग रूम में समय बिताया और एक दूसरे के साथ कदम से कदम मिलाकर चले। द्रविड़ कई बार रोहित की सार्वजनिक तौर पर प्रशंसा कर चुके हैं और अब उन्होंने खुलासा करते हुए बताया है कि किस तरह पूर्व कप्तान के कारण उनका काम आसान हो गया था।
विज्ञापन
तीन साल तक भारत के कोच रहे द्रविड़
द्रविड़ लगभग तीन साल तक भारत के मुख्य कोच रहे और रोहित की कप्तानी में राष्ट्रीय टीम को 2024 टी20 विश्व कप का खिताब दिलाया। द्रविड़ का कार्यकाल खत्म होने के बाद गौतम गंभीर को मुख्य कोच नियुक्त किया गया। रोहित अपने दोस्ताना मजाक के कारण टीम के साथियों के बीच लोकप्रिय थे जिससे उन्हें एक मजबूत तालमेल बनाने में मदद मिली और उनके लिए टीम में सुधार के बारे में अपने विचार साझा करना आसान हो गया। द्रविड़ ने रोहित की बदलाव के प्रति खुली सोच को सकारात्मक बताते हुए कहा कि इससे उनका काम काफी आसान हो गया था क्योंकि कप्तान का संदेश बिना किसी मुश्किल के पूरी टीम तक पहुंच जाता था।
कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में द्रविड़ ने कहा, जब आपका कप्तान खड़ा होता है और कहता है कि मैं यह जिम्मेदारी लेता हूं, भले ही यह रनों की कीमत पर यह करना पड़े तो उस संदेश को टीम के साथियों तक पहुंचाना बहुत आसान हो जाता है। सच तो यह है कि वह हर चीज की अगुआई करते, जिससे बतौर कोच आपका काम बहुत आसान हो गया। उन्होंने रास्ता दिखाया।
द्रविड़ बोले- रोहित ने सीमित ओवर के खेल को बढ़ाने की जिम्मेदारी ली
द्रविड़ ने कहा कि रोहित ने जल्दी ही पहचान लिया था कि भारत के सफेद गेंद के क्रिकेट को बदलने की जरूरत है और वह ऐसे खिलाड़ी बने जिन्होंने खेल को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी ली। द्रविड़ ने कहा, मुझे लगता है कि इस चीज में सबसे आसान हिस्सा रोहित के साथ काम करना था जो खुद भी इस बारे में काफी सोच-विचार करते थे। वह भी पहचान रहे थे कि खेल बदल रहा है। आप जानते हैं, पिछले 10 साल में सफेद गेंद के क्रिकेट में बल्लेबाजी का तरीका, सब कुछ बदलना शुरू हो गया था। कुछ मायनों में, ऐसा लग रहा था कि हम थोड़े पीछे हैं और हमें इसमें बेहतर होने की जरूरत है। हमें थोड़ा और आगे बढ़ने की जरूरत थी। हमें कुछ और जोखिम उठाने की जरूरत थी। इसलिए तब उनसे बातचीत करना वास्तव में बहुत आसान था। मुझे लगता है, वह पूरी तरह से सहमत थे। वह ऐसे व्यक्ति थे जिन्होंने खेल को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी ली।
पूर्व कोच ने रोहित की बल्लेबाजी को सराहा
रोहित की बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए द्रविड़ ने कहा कि पूर्व कप्तान ने खुद को शानदार तरीके से आधुनिक खेल की जरूरतों के हिसाब से ढाला। उन्होंने कहा, रोहित का रिकॉर्ड पहले से ही शानदार था। मेरा मतलब है, 2019 विश्व कप में उसका प्रदर्शन बिल्कुल शानदार था। पांच शतक। और आप जानते हैं कि एक खास लय में खेलना। लेकिन उस लय को बदलने की जरूरत थी।