भारतीय टीम के पूर्व सहायक कोच अभिषेक नायर का मानना है कि विश्व चैंपियन भारत एशिया कप 2025 जीतने का प्रबल दावेदार है। भारत ने टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) पर नौ विकेट से शानदार जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की थी। भारत ने गेंद शेष रहते हुए अपनी अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज की, क्योंकि उसने अपने विरोधियों को 57 के मामूली स्कोर पर आउट करने के बाद केवल 4.3 ओवर में जीत हासिल की थी।
संतुलित नजर आ रही है टीम
इस जीत ने भारत को एशिया कप में शानदार शुरुआत दिलाई, जिसके खाते में दो अंक और उसका नेट रन रेट +10.483 का है। भारतीय टीम संतुलित दिख रही है और रिकॉर्ड नौवां एशिया कप खिताब जीतने की प्रबल दावेदार है। नायर का मानना है कि इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम को हराना मुश्किल होगा। नायर ने कहा, मैं उन्हें दावेदार नहीं कहूंगा, वे चैंपियन बनकर आ रहे हैं। जिस तरह की टीम उनके पास है और जिस तरह से वे इस फॉर्मेट में खेल रहे हैं, अगर वे यह टूर्नामेंट नहीं जीतते हैं, तो कुछ न कुछ गड़बड़ जरूर होगी।
यूएई के खिलाफ तीन स्पिनर के साथ उतरा भारत
एशिया कप के बाद भारत को अगले साल फरवरी में घरेलू मैदान पर अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय खिताब के बचाव से पहले 15 मैच खेलने हैं इसलिए, यह बहु-राष्ट्रीय टूर्नामेंट भारत को अपनी सर्वश्रेष्ठ एकादश चुनने और खिलाड़ियों को उनके कौशल और उनकी क्षमता के अनुसार परखने का सही समय देता है। भारत यूएई के खिलाफ मैच में तीन स्पिनरों और एक विशेषज्ञ तेज गेंदबाज ते साथ उतरा। भारत ने पहले मैच में कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल को मौका दिया था और यह रणनीति उसके काम आई थी।
नायर ने कहा, हमारी टीम की मजबूती और पिछले मैच में हमारे स्पिनरों ने जिस तरह की गेंदबाज़ी की मैं हमेशा यही मानता हूं कि अगर आप अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं तो चैंपियनशिप जीतना आसान हो जाता है।