बांग्लादेश क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान तमीम इकबाल को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) का नया अध्यक्ष चुन लिया गया है। इससे पहले वह बोर्ड की एड-हॉक (अंतरिम) समिति के प्रमुख के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे थे। बीसीबी अधिकारी रबीद इमाम ने बताया कि क्लब श्रेणी के चुनाव में सबसे अधिक वोट हासिल करने के बाद तमीम इकबाल का अध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा था। चुनाव परिणाम घोषित होने के तुरंत बाद नवगठित बोर्ड की बैठक हुई, जिसमें उन्हें औपचारिक रूप से अध्यक्ष चुना गया।
क्लब श्रेणी में सबसे ज्यादा वोट
मीरपुर स्थित शेर-ए-बांग्ला राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित चुनाव में तमीम इकबाल ने क्लब श्रेणी में 73 वोट हासिल किए। उन्होंने सईद इब्राहिम अहमद और इसराफिल खोसरो को पीछे छोड़ा, जिन्हें 72-72 वोट मिले। क्लब श्रेणी की 12 सीटों के लिए कुल 16 उम्मीदवार मैदान में थे। इनमें अमजद हुसैन, मेजर इमरोज, फैजुर रहमान और सैयद बोरहानुल हुसैन पप्पू चुनाव नहीं जीत सके। मेजर इमरोज को सबसे कम 20 वोट मिले, जबकि अमजद हुसैन को 32 वोट प्राप्त हुए।
जिला श्रेणी में तीन उम्मीदवार विजयी
जिला श्रेणी में सात उम्मीदवार मतदान से पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो गए थे। वहीं, खुलना की दो और बरिशाल की एक सीट के लिए मतदान कराया गया। इसमें शफीकुल आलम, शांतनु इस्लाम और मिजानुर रहमान विजयी रहे। इसके अलावा पूर्व क्रिकेटर सिराजुद्दीन मोहम्मद आलमगीर को श्रेणी-तीन के तहत संगठनों और विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधि के रूप में निर्विरोध निदेशक चुना गया।
25 सदस्यीय बोर्ड का गठन
रविवार को हुए चुनाव के जरिए कुल 23 निदेशक चुने गए। शेष दो सदस्यों की नियुक्ति राष्ट्रीय खेल परिषद द्वारा की जाएगी। इसके बाद 25 सदस्यीय बोर्ड का गठन पूरा होगा।
तमीम के सामने बड़ी जिम्मेदारी
बांग्लादेश क्रिकेट के सबसे सफल बल्लेबाजों में शामिल तमीम इकबाल अब स्थायी रूप से बीसीबी की कमान संभालेंगे। उनसे घरेलू क्रिकेट के विकास, युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बांग्लादेश क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की उम्मीद की जा रही है।