पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले के लिए विराट कोहली ने जमकर तैयारी की है, लेकिन रन बनाने के लिए जूझ रहे इस स्टार बल्लेबाज को पूर्व खिलाड़ी संजय मांजरेकर ने खास सलाह दी है। कोहली भले ही पिछले कुछ समय से रन नहीं बना पा रहे हैं, लेकिन उनका पाकिस्तान के खिलाफ अच्छा रिकॉर्ड रहा है। भारत को कोहली से काफी उम्मीदें हैं।
मांजरेकर ने नेट पर गेंद को हिट करने कहा
इस बीच, मांजरेकर ने कोहली को पाकिस्तान के खिलाफ दुबई में होने वाले चैंपियंस ट्रॉफी मैच से पहले शांतचित्त रहने तथा बहुत अधिक सोचने या कड़ा अभ्यास करके खुद पर दबाव नहीं बनाने की सलाह दी। मांजरेकर ने कहा, जब आप रन बनाने के लिए जूझ रहे होते हैं तो आप बहुत अधिक अभ्यास करने के बारे में सोचते हैं। आपके दिमाग में कई तरह की बातें आने लग जाती हैं। आप इन चीजों को खुद पर हावी होने देते हैं। केवल नेट पर गेंद को हिट करने पर ध्यान दो क्योंकि यह बल्लेबाजी तकनीकी से ज्यादा दिमाग से जुड़ी बात है।
उन्होंने कहा, कोहली अभी मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं तथा उनके तकनीक से जुड़े कुछ मसले भी हैं। पिछले मैच में उनमें आत्मविश्वास की कमी भी दिखाई दी लेकिन वह अपनी तरफ से सर्वश्रेष्ठ प्रयास कर रहे हैं। उन्हें बहुत अधिक प्रयास करने के बजाय शांतचित्त होने की जरूरत है। उन्हें तनाव मुक्त होकर मैदान पर उतरना चाहिए।
कोहली ने किया कड़ा अभ्यास
कोहली पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से फॉर्म में वापसी के लिए बेताब हैं और वह पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले शनिवार को अभ्यास सत्र में 90 मिनट पहले ही पहुंच गए। कोहली मैदान पर सहायक कोच अभिषेक नायर के साथ कार में पहुंचे। भारतीय टीम का अभ्यास सत्र भारतीय समयानुसार दोपहर ढाई बजे होना था, लेकिन कोहली डेढ़ घंटा पहले ही इसके लिए पहुंच गए। कोहली स्थानीय नेट गेंदबाज के साथ नेट्स पर बल्लेबाजी करते दिखे। उनका ध्यान इस दौरान कवर ड्राइव खेलने और डिफेंस शॉट पर केंद्रित रहा।