पर्थ के वाका मैदान पर ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए पहले टेस्ट मैच में दक्षिण अफ्रीका ने 177 रनों से जीत हासिल की है। लेकिन ऑस्ट्रेलिया के पूर्व खिलाड़ियों ने इस हार के लिए डीआरएस यानी डिसीजन रिव्यु सिस्टम को जिम्मेदार ठहराया है। ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी के दौरान मिशेल मार्श को विवादित तरीके से पगबाधा आउट करार दिया गया। इस कारण माइकल क्लार्क और जॉनसन ने डीआरएस की आलोचना की है और डीआरएस को असफल बताया है।
हुआ कुछ ऐसा कि मैच के पांचवें एवं अंतिम दिन मार्श के खिलाफ कागिसो रबादा की गेंद पर की गई पगबाधा की अपील को मैदान पर मौजूद अंपायर ने नकार दिया था। जिसके बाद दक्षिण अफ्रीका ने रिव्यू मांगा था और इसके बाद मार्श को पवेलियन लौटना पड़ा था।
दिग्गजों ने गेंद को पकड़ने की तकनीक पर उठाए सवाल
माइकल क्लार्क
- फोटो : getty
इसी फैसले के बाद क्लार्क, जॉनसन और मार्क टेलर ने डीआरएस को आड़े हाथों लिया है। कॉमेंट्री करते हुए पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान माइकल क्लार्क ने कहा, मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि गेंद स्टम्प पर नहीं थी। जब मैंने रिप्ले को देखा तो सोचा कि यह काफी दूर है और लेग स्टम्प के पास भी नहीं है। वह (मार्श) इससे काफी निराश होंगे। गेंद पहले उनके पंजे में लगी फिर पैड पर और इसके बाद बल्ले पर।
क्रिकेट आस्ट्रेलिया की वेबसाइट के मुताबिक, क्लार्क और मार्क टेलर ने गेंद को पकड़ने की तकनीक पर सवाल उठाए हैं। टेलर ने कहा, वह नॉट आउट दिए गए और तकनीक ने फैसला बदलते हुए उन्हें आउट करार दिया। ऐसा लग रहा था कि गेंद थोड़ी पास है और स्टम्प के बाहर की सीमा से 50 फीसदी के करीब जिसके कारण फैसले को बदलते हुए आउट दिया गया।
मार्क टेलर ने कहा, मेरा मानना है कि गेंद स्टम्प से दूर थी लेकिन मिशेल मार्श दुर्भाग्यशाली साबित हुए। मार्श जिस वक्त आउट करार दिए गए उस वक्त दूसरे छोर पर उस्मान ख्वाजा बल्लेबाजी कर रहे थे। ख्वाजा ने भी इस फैसले पर सवाल उठाए हैं। पहले टेस्ट में जीत हासिल कर अफ्रीकी टीम ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।