ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट भारत के खिलाफ एडिलेड टेस्ट में मिली जीत के बाद आक्रामक पैट कमिंस की वापसी से खुश हैं। कमिंस ने टीम की जीत में अहम योगदान दिया था और दूसरी पारी में पांच विकेट झटके थे। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान कमिंस ने करियर में कुल 13वीं बार फाइव विकेट हॉल पूरा किया था। मैच विजयी प्रदर्शन के बाद गिलक्रिस्ट ने कमिंस की जमकर सराहना की है।
गिलक्रिस्ट का कहना है कि कमिंस का स्पैल देखना शानदार था। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पर्थ में खेले गये शुरुआती टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को 295 रन से हार का सामना करना पड़ा था। इस हार के बाद टीम को काफी आलोचना का सामना करना पड़ा था। आस्ट्रेलिया ने गुलाबी गेंद से खेले गए दूसरे मैच को 10 विकेट से जीतकर पांच मैचों की सीरीज को 1-1 से बराबर किया।
महान विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट ने कहा कि भारत के खिलाफ पर्थ टेस्ट में हार के बाद हुई आलोचना से ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी स्तब्ध थे, लेकिन कमिंस की आक्रामकता के दम पर वह अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ वापसी करने में सफल रहा। गिलक्रिस्ट ने कहा, आप कमिंस के जश्न से देख सकते हैं कि उन्होंने जो भी विकेट लिया वह अपने जश्न में अधिक आक्रामक दिख रहे थे। ऐसा नहीं है कि उन्होंने बहुत खराब प्रदर्शन किया लेकिन पर्थ में हार के बाद खिलाड़ियों को थोड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा था और इससे वे बहुत निराश हुए होंगे।
गिलक्रिस्ट ने कहा, एडिलेड में जश्न का तरीका आपको दिखाता है कि उनके लिए इसके क्या मायने है। वे जानते थे कि वे उस स्तर पर वापस आ गए हैं जिस स्तर पर वे अपना क्रिकेट खेलना चाहते हैं। कमिंस शानदार थे। वह ऐसा लग रहा था जैसे पर्थ के बाद उन्होंने खिलाड़ियों में जोश और जज्बा भरा। इसलिए यह देखना बहुत बढ़िया था।
पिंक बॉल टेस्ट में कमिंस, मिचेल स्टार्क और स्कॉट बोलैंड की तेज गेंदबाजी तिकड़ी के शानदार प्रदर्शन के कारण अनुभवी स्पिनर नाथन लियोन ने इस मैच में सिर्फ एक ओवर किया। इस डे-नाइट टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के लिए तेज गेंदबाजों ने सभी 20 विकेट झटके थे।