हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ 68 रन की तूफानी पारी खेलने के बाद सूर्यकुमार यादव ने कहा है कि वो टी20 टीम में किसी भी क्रम में खेलने के लिए तैयार हैं। इसके साथ ही उन्होंने भारतीय टीम के प्लान और टी20 टीम में केएल राहुल की जगह का बचाव किया है। हालांकि, सूर्यकुमार ने यह भी कहा है कि पारी की शुरुआत करने में भी उन्हें कोई परेशानी नहीं है।
सूर्यकुमार ने हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ 26 गेंद में 68 रन की शानदार पारी खेली और भारत को 40 रन से मैच जिताने में अहम योगदान दिया। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया सुपर चार में पहुंच चुकी है। दोहरी गति वाली विकेट पर सूर्यकुमार चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए थे और अपनी पारी में छह छक्के और इतने ही चौके लगाए। इस दौरान उन्होंने अपनी विविधता दिखाई और कई तरह के शॉट खेले।
किसी भी क्रम पर खेलने को तैयार हैं सूर्यकुमार
मैच के बाद सूर्यकुमार यादव ने कहा "मैं किसी भी नंबर पर खेलने के लिए तैयार हूं, जहां भी आप कहेंगे। मैंने कोच और कप्तान से कहा है कि मुझे किसी भी नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेजें, बस मुझे टीम में मौका दें।" टीम के उपकप्तान केएल राहुल चोट के बाद वापसी कर रहे हैं और इस मैच में वे लय में नहीं दिखे। उन्होंने 39 गेंदों में सिर्फ 36 रन बनाए। जब सूर्यकुमार से पूछा गया कि क्या वो रोहित के साथ पारी की शुरुआत करना चाहेंगे तो उन्होंने कहा "तो आप कह रहे हैं कि हमें केएल राहुल को नहीं खिलाना चाहिए। वो चोट के बाद वापसी कर रहे हैं और उन्हें कुछ समय की जरूरत है। हमारे पास अभी समय है।"
टी20 विश्व कप से ठीक पहले भारतीय टीम कुछ प्रयोग कर रही है और सबसे बेहतरीन बल्लेबाजी क्रम की तलाश जारी है। इस पर सूर्यकुमार बोले "चीजें जारी रहेंगी, हम कई चीजें आजमा रहे हैं और प्रयोग कर रहे हैं। कई चीजें हैं, जो हम करना चाहते हैं और इन चीजों को नेट्स में करने की बजाय मैच में आजमाना ज्यादा बेहतर है।"
पहले बल्लेबाजी कर मैच जीतने की आदत डाल रही है भारतीय टीम
हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बहुत धीमी रही थी। रोहित शर्मा और लोकेश राहुल क्रीज पर नजरें जमाने के बाद आउट हो गए। वहीं, विराट कोहली ने 44 गेंद में 59 रन की नाबाद पारी खेली। इस पर सूर्या ने कहा "पहले बल्लेबाजी करना एक चुनौती है। हम ठीक इसी पर काम कर रहे हैं। पहले बल्लेबाजी करते हुए हमें कितना लक्ष्य देने की जरूरत है। हमें क्या सही करने की जरूरत है। आज भी हमनें यही करने की कोशिश की। एक बार पहले बल्लेबाजी शुरू करने के बाद हमने सोचा कि कितना लक्ष्य सही रहेगा। किस गति से पारी को आगे बढ़ाना है और कैसे खत्म करना है। किन बल्लेबाजों का आना बाकी है और उनका रोल क्या होगा। हमारे लिए यह पूरी तरह साफ था। ऐसे में अगर मैं वह काम नहीं कर पाता तो आगे ऋषभ पंत करते। अगर वो नहीं तो दिनेश कार्तिक करते। हमारे पास जड्डू भी हैं और वो भी ऐसा कर सकते थे। तो हमारे पास भरपूर खिलाड़ी हैं, जिनके जरिए हम पहली पारी में जो चाहें वो स्कोर बना सकते हैं।"
अंत में सूर्यकुमार ने बताया कि शुरुआत में विकेट में दोहरी गति थी। कुछ गेंद रुककर आ रही थी तो कुछ गेंद तेजी से आ रही थी। ऐसे में विराट ने उनसे कहा कि अपना स्वाभाविक खेल खेलें और सूर्यकुमार ने ऐसा ही किया। इसी वजह से वो ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करने में सफल रहे।