आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग से शुरू हुआ बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब तक तो खिलाड़ियों के स्पॉट फिक्सिंग की ऐवज में मोटा पैसा लेने की बात सामने आ रही थी। लेकिन यह मामला अब और आगे बढ़ गया है।
आईपीएल के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने एक सनसनीखेज दावे में कहा है कि चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के तीन खिलाड़ी एक रियल एस्टेट दिग्गज से करीबी ताल्लुक रखते हैं, जो एक बुकी भी है। यह बुकी सीएसके के मालिक गुरुनाथ मयप्पन और आईपीएल के दूसरे फ्रेंचाइजी मालिकों से भी रिश्ते रखता है।
सिलसिलेवार ट्वीट के जरिए मोदी ने कई दावे किए हैं। उन्होंने कहा है कि इस रियल एस्टेट कारोबारी ने 2010 में आईपीएल फ्रेंचाइजी खरीदने की कोशिश की थी, लेकिन वह नाकाम रहा। उसने सीएसके के खिलाड़ियों को फ्लैट भी दिए।
मोदी ने किसी नाम का खुलासा नहीं किया है। उन्होंने लिखा, 'विश्वसनीय सूत्रों से अभी जानकारी मिली कि सीएसके के तीन खिलाड़ी नाइटक्लब मालिक और रियल एस्टेट टाइकून के साथ घूम रहे हैं। वही रियल एस्टेट किंग, जो बुकी भी है और इन लड़कों को उसने न्यू बांद्रा सी फेस कॉम्प्लेक्स, दिल्ली के नोएडा में फ्लैट दिए हैं।'
उन्होंने आगे लिखा, 'अगर यह खबर सही है, तो जब मैं चेयरमैन था, तो इस व्यक्ति को तीन साल के लिए बोली में हिस्सा लेने से ब्लैकलिस्ट कर दिया गया था।'