दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) मैच के दौरान कहासुनी और विवाद को लेकर अब नीतीश राणा सहित पांच खिलाड़ियों पर कार्रवाई की गई है। दरअसल, दिल्ली सुपरस्टार्स और वेस्ट दिल्ली लायंस के बीच डीपीएल के एलिमिनेटर मैच के दौरान विवाद हुआ था। अब डीपीएल ने इसमें शामिल खिलाड़ियों पर मैच फीस का 30 से 100 प्रतिशत तक का जुर्माना लगाया है।
क्यों हुआ था विवाद?
वेस्ट दिल्ली के बल्लेबाज कृष यादव की साउथ दिल्ली के कुछ खिलाड़ियों के साथ कहासुनी हो गई थी। यह घटना वेस्ट दिल्ली की पारी के 11वें ओवर में घटी जब कृष ने अमन भारती की गेंद पर शॉट लगाया, लेकिन अमनोल शर्मा ने कैच लेकर उनकी पारी का अंत कर दिया। जब कृष पवेलियन की ओर लौटने लगे तो अमन ने आक्रामक अंदाज में जश्न मनाया और कृष को कुछ कहने लगे। इसके बाद कृष उनकी तरफ बढ़े और कुछ कहने लगे जिसके बाद विवाद बढ़ गया। साउथ दिल्ली के खिलाड़ी सुमित माथुर भी इस विवाद में कूद पड़े और कहासुनी बढ़ गई। स्थिति को शांत कराने के लिए नीतीश राणा और एक महिला अंपायर ने हस्तक्षेप किया तथा कहासुनी कर रहे खिलाड़ियों को अलग किया। नीतीश ने सुमित के कंधे पर हाथ रखा और उन्हें अलग ले गए, जबकि महिला अंपायर ने कृष को डगआउट की ओर भेजा। वहीं, नीतीश राणा और दिग्वेश राठी के बीच भी तीखी कहासुनी हुई थी।
वेस्ट दिल्ली लायंस के कृष यादव को मैच के दौरान अभद्र व्यवहार करने के लिए अधिकतम सजा दी गई है। उन पर मैच फीस का 100 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। डीपीएल के एक बयान में कहा, कृष यादव पर मैच के दौरान विरोधी टीम के खिलाड़ी के लिए अपशब्द कहने और खिलाड़ी की तरफ बल्ला तानने के लिए अनुच्छेद 2.3 (2) के तहत आचार संहिता के उल्लंघन के लिए मैच फीस का 100 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। दिग्वेश राठी पर खेल भावना के विपरीत आचरण के लिए अनुच्छेद 2.2 (2) के तहत आचार संहिता के उल्लंघन के लिए मैच फीस का 80 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।
डीपीएल ने कहा, नीतीश राणा पर विरोधी टीम के खिलाड़ी के प्रति आक्रामक रवैया अपनाने और आपत्तिजनक इशारा करने के लिए अनुच्छेद 2.6 (1) के तहत आचार संहिता के उल्लंघन के लिए मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। इनके अलावा अमन भारती पर आचार संहिता के उल्लंघन के लिए मैच फीस का 30 प्रतिशत और साउथ दिल्ली सुपरस्टार के ही सुमित माथुर पर मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।