ऑस्ट्रेलिया में जूनियर विश्व कप जीतने के बाद चाहें बड़बोले इयन चैपल हों या विकेटों के खरीदार बिशन सिंह बेदी, मुंबई के खब्बू स्पिनर हरमीत सिंह की तारीफों के पुल बांधने में कोई कसक नहीं छोड़ी।
बावजूद इसके 19 साल का यह स्पिनर रणजी चैंपियन मुंबई की टीम में जगह नहीं बना सका। लेकिन हरमीत को अपने को साबित करने का प्लेटफार्म मिल गया है।
राहुल द्रविड़ के इशारे पर राजस्थान रॉयल्स के लिए खरीदे गए हरमीत कुछ कर गुजरने को बेताब हैं। अपने पहले आईपीएल को वह अपना कमबैक मान रहे हैं।
राजस्थान रायल्स की टीम में खब्बू स्पिनरों की भरमार है। उनके अलावा ब्रैड हॉग, अंकित चव्हाण, कुमार बोरेसा दूसरे खब्बू स्पिनर हैं। लेकिन द्रविड़ ईरानी, दलीप, रणजी ट्राफी और भ्रमणकारी इंग्लैंड के खिलाफ समेत कुल पांच प्रथम श्रेणी मैच खेलने वाले हरमीत में कुछ खास देख रहे हैं।
द्रविड़ कहते हैं वह बहुत अच्छा गेंदबाज है और उनके एजेंडे में है। हरमीत ने अमर उजाला से कहा कि वह अपनी खास फ्लाइटेड गेंद में कुछ धीमी गेंदों का मिश्रण करने जा रहे हैं जो आईपीएल में बल्लेबाजों को मुसीबत में डाल सकती है।
हरमीत साफ कर देते हैं कि इस आईपीएल में अपनी गेंदबाजी से लोगों को एक बार तारीफों के लिए मजबूर करेंगे। आखिर सचिन तेंदुलकर के शब्दों को उन्होंने अपना जुनून जो बना लिया है। हरमीत के मुताबिक वह पहली बार जब बुच्ची बाबू टूर्नामेंट में पांच विकेट लेकर लौटे तो उन्होंने सचिन से बात की।
उन्होंने सचिन को अपनी सफलता के बारे में बताया। सचिन के अगले शब्द थे कि इस सफलता को और बड़ा बनाओ। बस उन्हें इसी की धुन लगी रहती है। हालांकि उन्हें द्रविड़ से बात करने में झिझक होती है लेकिन वह उन्हें काफी कुछ बताते रहते हैं।