दक्षिण अफ्रीका के कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने शुक्रवार को कहा कि वह 2020 में ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाले टी-20 विश्व कप के बाद क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप को अलविदा कह देंगे। 34 वर्षीय डुप्लेसिस ने दो बार 2014 और 2016 में विश्व टी-20 में अपने देश की अगुआई की की थी।
वह संन्यास लेने से पहले एक और टूर्नामेंट में खेलने के इच्छुक हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शनिवार को होने वाले एकमात्र टी-20 से पहले उन्होंने यह घोषणा की। विश्व कप ऑस्ट्रेलिया में 18 अक्तूबर से 15 नवंबर तक खेला जाएगा।
तीनों प्रारूपों में दक्षिण अफ्रीका की कमान संभाल रहे डुप्लेसिस ने 41 मैचों में 35.34 की औसत से 1237 रन बनाए हैं। गौरतलब है कि इसी साल डुप्लेसिस के साथी खिलाड़ी और बचपन के दोस्त एबी डीविलियर्स ने भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा था।