भारत के पूर्व ऑलराउंडर रॉबिन सिंह संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के क्रिकेट निदेशक नियुक्त किए गए हैं। खबरों के अनुसार 56 वर्षीय रॉबिन सिंह, डगी ब्राउन की जगह लेंगे। रॉबिन उस समय यूएई की जिम्मेदारी संभालेंगे जब यह टीम मैच फिक्सिंग कांड से उबरने की कोशिश कर रही है।
रॉबिन ने 1989 से 2001 के बीच भारत के लिए एक टेस्ट और 136 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेले और पिछले कई वर्षों से कोच के रूप में काम कर रहे हैं। वह आईपीएल की बेहद सफल फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस के साथ जुड़े रहने के अलावा 2013 से कैरेबियाई प्रीमियर लीग में बारबडोस ट्राइडेंट्स और यहां टी-10 लीग में टी-10 फ्रेंचाइजियों से जुड़े रहे हैं।
वेस्टइंडीज के द्वीप त्रिनिदाद में जन्में रॉबिन यूएई में कोचिंग क्लीनिक भी चलाते रहे हैं। अपने दौर के बेहद चुस्त फिल्डर माने जाने वाले रॉबिन ने एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में 25.95 के औसत से 2236 रन बनाए जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 100 रन रहा, उन्होंने 50 ओवर के प्रारूप में 69 विकेट भी चटकाए और 22 रन पर पांच विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा।