मोइन अली और सैम करन के शानदार प्रदर्शन की बदौलत इंग्लैंड ने साउथ हैम्प्टन टेस्ट में टीम इंडिया को 60 रन से मात देकर पांच मैचों की टेस्ट सीरीज 3-1 से अपने नाम कर ली है। चौथे दिन इंग्लैंड के 245 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया 184 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम इंडिया की तरफ से बल्लेबाजी में सर्वाधिक प्रदर्शन कप्तान विराट कोहली (58) और अजिंक्य रहाणे (51) ने किया।
चौथी पारी में इंग्लैंड की तरफ से गेंदबाजी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए मोइन अली ने चार विकेट चटकाए। पहली पारी में मोइन अली ने पांच विकेट लिए थे। वहीं पहली पारी में 78 रन जड़ने वाले सैम करन ने दूसरी पारी में भी कमाल का प्रदर्शन करते हुए 46 रन बनाए और टीम इंडिया के सामने 245 रन का मजबूत लक्ष्य खड़ा किया।
इससे पहले चौथे दिन इंग्लैंड के 245 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया को पहला झटका ओपनर बल्लेबाज केएल राहुल के रूप में लगा। राहुल को तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड ने खाता भी नहीं खोलने दिया और क्लीन बोल्ड कर पवेलियन का रास्ता दिखा दिया।
इसके बाद क्रीज पर धवन का साथ देने उतरे पहली पारी के हीरो चेतेश्वर पुजारा भी सस्ते में निपट गए। इंग्लैंड के घातक गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने पुजारा (5) को एलबीडब्ल्यू आउट कर टीम इंडिया को जीत से दूर कर दिया।
राहुल-पुजारा के आउट होने के बाद क्रीज पर बल्लेबाजी करने आए टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने एक गेंद का सामना ही किया था कि जेम्स एंडरसन के अगले ही ओवर में धवन भी अपना विकेट गंवा बैठे। धवन (17) को एंडरसन ने स्लिप पर बेन स्टोक्स के हाथों कैच आउट करवाया।
इसके बाद क्रीज पर कप्तान कोहली का साथ देने उतरे उप कप्तान अजिंक्य रहाणे ने शानदार खेल दिखाया। दोनों के बीच 101 रन की साझेदारी हुई। अर्धशतक पूरा करने के बाद कोहली (58) मोइन अली के जाल में फंस गए। मोइन अली ने उन्हें एलिस्टर कुक के हाथों कैच आउट करवाया। कोहली ने अपनी पारी में चार बेहतरीन चौके जड़े।
कोहली के बाद टीम इंडिया के स्कोरबोर्ड को आगे बढ़ाने क्रीज पर उतरे हार्दिक पांड्या बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। बेन स्टोक्स ने हार्दिक पांड्या को स्लिप में खड़े जो रूट के हाथों कैच आउट करवाया।
इसके बाद बल्लेबाजी करने आए ऋषभ पंत के बल्ले से कुछ अच्छे शॉट देखने को जरूर मिले, लेकिन वह भी टीम इंडिया को जीत की दहलीज तक ले जाने में नाकाम हो गए। दो चौके और एक छक्का जड़ने वाले पंत (18) मोइन अली की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में कुक को कैच थमा बैठे।
पंत के बाद टीम इंडिया की आखिरी बड़ी उम्मीद उप कप्तान अजिंक्य रहाणे (51) भी पचासा जड़ने के बाद मोइन अली की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। टीम इंडिया को जीत के लिए अभी 91 रन की दरकार थी कि अगले ही ओवर में इशांत (0) भी स्टोक्स की गेंद पर चकमा खाकर एलबीडबल्यू आउट हो गए।
रविवार को भारतीय टीम ने खेल की जोरदार शुरुआत करते हुए इंग्लैंड को दूसरी पारी में 271 रन पर ऑलआउट कर दिया। इस तरह भारत को चौथा टेस्ट जीतने के लिए 245 रन का लक्ष्य मिला है। अपने तीसरे दिन के स्कोर 8/260 से इंग्लैंड टीम 11 रन ही जोड़ पाई थी कि भारतीय गेंदबाजों ने उसके दोनों शेष विकेट गिरा दिए।
चौथे दिन की शुरुआत भारतीय टीम के लिहाज से बेहद शानदार रही। तीसरे दिन 91वें ओवर की 5वीं गेंद पर विकेट लेने के बाद चौथे दिन की पहली गेंद पर शमी ही शमी ने स्टुअर्ड ब्रॉड (0) को पवेलियन भेज दिया। हल्की से ऑफसाइड ऑफ स्टंप गेंद को खेलने की फिराक में ब्रॉड अपना कैच विकेट के पीछे ऋषभ पंत को थमा बैठे।
टीम इंडिया को नौंवा झटका मोहम्मद शमी (8) के रूप में लगा। शमी में मोइन अली का शिकार बने। इसके बाद टीम का आखिरी विकेट आर अश्विन (25) के रूप में गिरा। सैम करन की गेंद पर एलबीडब्ल्यू होने के साथ ही इंग्लैंड ने यह मैच और सीरीज 3-1 से अपने नाम कर ली।