इंग्लैंड ने जोस बटलर (80*) की शानदार पारी की बदौलत रविवार को दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन पाकिस्तान को एक पारी और 55 रनों से करारी मात दी। इसके साथ ही दो मैचों की टेस्ट सीरीज 1-1 से बराबर पर खत्म हुई। इंग्लैंड की तरफ जोस बटलर को मैन ऑफ द मैच से नवाजा गया। उन्होंने 101 गेंदों पर 11 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 80 रन की शानदार पारी खेली। वहीं, पाकिस्तान के मोहम्मद अब्बास को दो मैचों में 10 विकेट लेने के लिए मैन ऑफ द सीरीज चुना गया।
गौरतलब है कि इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच लीड्स में खेले गए दूसरे टेस्ट में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम पहली पारी में 174 रन पर ही सिमट गई थी। जिसके जवाब में इंग्लैंड ने पहली पारी में 363 रन बनाए। पहली पारी के आधार पर इंग्लैंड ने पाकिस्तान पर 189 रन की बढ़त बनाई।
इससे पहले इंग्लैंड ने तीसरे दिन की शुरुआत 7 विकेट पर 302 रन से की। जोस बटलर ने आठवां टेस्ट अर्धशतक लगाते हुए नाबाद 80 रन की बेहतरीन पारी खेली। इसके अलावा बल्लेबाज सैम करन 20, स्टुअर्ट ब्रॉड 2 और जेम्स एंडरसन 5 रन बनाकर आउट हुए। पाकिस्तान की तरफ से फहीम अशरफ ने सबसे ज्यादा तीन विकेट जबकि मोहम्मद आमिर, मोहम्मद अब्बास और हसन अली ने 2-2 और शादाब खान ने एक विकेट लिए।
जवाब में पाकिस्तान की दूसरी पारी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। 48 रन के स्कोर पर ही उनके 3 विकेट गिर गए थे। मेहमान टीम सिर्फ 46 ओवर में 134 रन बनाकर ढेर हो गई। पाकिस्तान की तरफ से इमाम-उल-हक ने सबसे ज्यादा 34 और पहला टेस्ट खेल रहे उस्मान सलाहउद्दीन ने 33 रन बनाये। पाकिस्तान के आठ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। इंग्लैंड की तरफ से स्टुअर्ट ब्रॉड और डॉमिनिक बेस ने 3-3, जेम्स एंडरसन ने 2 और क्रिस वोक्स एवं सैम करन ने एक-एक विकेट लिया। मालूम हो कि पाकिस्तान ने पहले टेस्ट में इंग्लैंड को 9 विकेट के करारी मात दी थी लेकिन दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड ने जबर्दस्त वापसी करते हुए सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली।