ज्वॉय रूट की धुआंधार पारी की बदौलत इंग्लैंड ने यहां शुक्रवार को आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप के रोमांचक मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को दो विकेट से हराकर वर्ल्ड कप में अपनी उम्मीदों को कायम रखा। इसके साथ ही दक्षिण अफ्रीकी टीम एक बार फिर ‘चोकर्स’ साबित हुई। इंग्लैंड को पहले मैच में वेस्टइंडीज से शिकस्त मिली थी। टॉस जीतकर इंग्लैंड के कप्तान इयोन मोर्गन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। दक्षिण अफ्रीका ने हाशिम अमला, क्विंटन डी कॉक, जेपी डुमिनी के अर्द्धशतकों की बदौलत निर्धारित चार विकेट पर 229 रन बनाए।
जवाब में 230 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने 19.4 ओवर में 8 विकेट पर 230 रन बनाकर मैच जीत लिया। रूट ने 44 गेंदों में 83 रन बनाए, जिसमें उनके 6 चौके और 4 छक्के शामिल हैं। जेसन रॉय ने 43 रन का योगदान दिया जबकि जोस बटलर ने 21 रन रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका के लिए एबोट ने 40 रन देकर तीन विकेट झटके जबकि रबादा ने दो बल्लेबाजों को पेवेलियन भेजा।
इससे पहले दक्षिण अफ्रीकी ओपनर हाशिम अमला और क्विंटन डी कॉक ने 7.1 ओवर में ही 96 रन कूट डाले। अमला ने 31 गेंदों में 58 रन बनाए, जिसमें उनके 7 चौके और 3 छक्के हैं। डी कॉक ने 24 गेंदों में 7 चौके और 3 छक्के की मदद से 52 रन की पारी खेली। इन दोनों के आउट होने के बाद एबी डीविलियर्स और कप्तान फॉफ डुप्लेसिस ने क्रमश: 16 और 17 रन का योगदान दिया। लेकिन आखिरी में जेपी डुमिनी और डेविड मिलर ने चौथे विकेट के लिए 27 गेंदों में नाबाद 60 रन की साझेदारी कर दक्षिण अफ्रीका के स्कोर को दो सौ के पार पहुंचा दिया।
डुमिनी ने 28 गेंदों में नाबाद 54 रन बनाए, जिसमें उनके तीन चौके और तीन छक्के शामिल हैं। डेविड मिलर ने 11 गेंदों में नाबाद 24 रन का योगदान दिया। इंग्लैंड के लिए मोईन अली ने दो विकेट झटके जबकि आदिल राशिद और डेविड विली ने एक-एक विकेट चटकाए।