भारतीय महिला क्रिकेट टीम मंगलवार को इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के तीसरे और निर्णायक मुकाबले में उतरेगी। तीन मैचों की सीरीज अभी 1-1 से बराबरी पर है। भारतीय टीम ने पहले मैच में दीप्ति शर्मा के अर्धशतक की मदद से चार विकेट से जीत हासिल की थी। बारिश से प्रभावित दूसरे मैच में मेजबान टीम 8 विकेट से जीतने में सफल रही थी।
मंधाना-दीप्ति के अलावा अन्य बल्लेबाज नहीं कर पा रहे बेहतर प्रदर्शन
भारतीय टीम में ओपनर स्मृति मंधाना और दीप्ति शर्मा के अलावा अन्य बल्लेबाज बेहतर नहीं कर पा रही हैं। कप्तान हरमनप्रीत, जेमिमा, हरलीन और प्रतिका को बड़ी पारी खेलनी होगी। निचले क्रम में रिचा घोष और दीप्ति अच्छा सहयोग करने की क्षमता रखती हैं। भारतीय बल्लेबाजों को स्पिनरों के सामने मुश्किलें आ रही हैं। एक्लेस्टोन ने लॉर्ड्स में खेले पिछले मैच में 27 रन देकर तीन विकेट लिए थे। दोनों ही टीमों के लिए यह सीरीज महत्वपूर्ण है क्योंकि दो महीने के अंतराल में विश्वकप शुरू होने वाला है। वनडे का यह प्रतिष्ठित महिला टूर्नामेंट 30 सितंबर से शुरू होगा, जिसकी मेजबानी श्रीलंका और भारत के पांच शहर करेंगे।
भारतीय टीम को करना होगा विमर्श
भारत की ऑलराउंड ताकत तथा कुछ खिलाड़ियों की अच्छी फॉर्म के कारण उम्मीद की जा रही थी कि वह दूसरे मैच में ही सीरीज अपने नाम कर देगा लेकिन खराब शॉट चयन और परिस्थितियों के अनुकूल ढलने में असमर्थता ने उसकी योजनाओं पर पानी फेर दिया और 29 ओवर के मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए वह आठ विकेट पर 143 रन ही बना सका। भारतीय गेंदबाज भी असफल रहे और इंग्लैंड के शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों ने काफी ओवर शेष रहते आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। अब निर्णायक मुकाबले से पहले भारतीय टीम को कुछ विभागों में खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर विचार विमर्श करना होगा।
एक्लेस्टोन की सटीक गेंदबाजी के कारण भारतीय बल्लेबाजों को विशेषकर स्पिनरों के खिलाफ संघर्ष करना पड़ा और वे चेस्टर ली स्ट्रीट में धीमी गति के गेंदबाजों के खिलाफ निश्चित रूप से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करेंगे। भारत को अगर सीरीज जीतनी है तो भारत मंधाना, कप्तान हरमनप्रीत कौर, जेमिमा रोड्रिग्स, प्रतीका रावल और हरलीन देओल में से कम से कम दो खिलाड़ियों को बड़ी पारी खेलने की जरूरत होगी। निचले क्रम में रिचा घोष और दीप्ति को उन्हें सहयोग देना होगा।