टी-20 और वन-डे के बाद अब टीम इंडिया को इंग्लैंड के साथ 1 अगस्त से पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है, जिसका पहला मैच एजबेस्टन में होगा। वहीं इस मैच में मैदान पर उतरते ही इंग्लिश क्रिकेट टीम एक ऐसा इतिहास रचेगी, जिसकी चर्चाएं अभी से क्रिकेट के गलियारों में होने लगी है।
दरअसल इंग्लैंड एजबेस्टन अपना 1000वां टेस्ट मैच खेलने उतरेगी। इसके साथ ही चार डिजिट में टेस्ट मैच खेलने वाली वह इकलौती टीम बन जाएगी। इंग्लैंड का यह मैच टीम इंडिया के खिलाफ है, इसलिए भारत के लिए भी यह टेस्ट काफी स्पेशल होगी। टीम इंडिया जरूर चाहेगी की वह इस ऐतिहासिक टेस्ट मैच में जीत हासिल करे। ताकि यह मैच इंग्लैंड के सबसे ज्यादा टेस्ट खेलने की वजह से नहीं बल्कि उसकी जीत के वजह से याद किया जाए।
बता दें कि इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया ने 1877 में पहला टेस्ट मैच खेला था, लेकिन सबसे पहले अपना 1000वां टेस्ट मैच खेलने का गौरव इंग्लैंड की टीम को मिलेगा। इंग्लैंड ने अब तक 999 टेस्ट मैच खेले हैं और भारत के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज का पहला मैच इस लिहाज से टेस्ट क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक बन जाएगा।
वहीं कंगारुओं ने अब तक कुल 812 टेस्ट मैच खेले हैं और वह इंग्लैंड के बाद दूसरे नंबर पर है। ऑस्ट्रेलिया ने हालांकि रिकॉर्ड 383 मैचों में जीत दर्ज की है जबकि इंग्लैंड 357 मैच जीतकर दूसरे स्थान पर है। इंग्लैंड को 297 मैचों में हार का सामना करना पड़ा जबकि उसने 345 मैच ड्रा खेले।
इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बाद वेस्टइंडीज (535), भारत (522), दक्षिण अफ्रीका (427), न्यूजीलैंड (426), पाकिस्तान (415), श्रीलंका (274), बांग्लादेश (108), जिम्बाब्वे (105) और आईसीसी विश्व एकादश, अफगानिस्तान, आयरलैंड (तीनों एक-एक) का नंबर आता है। अब तक कुल 2313 टेस्ट मैच खेले जा चुके हैं।