सीरीज में पहला मैच खेल रहे वुड ने 41 रन देकर पांच विकेट लिये । इंग्लैंड के पहली पारी के 277 रन के जवाब में कैरेबियाई टीम 154 रन पर आउट हो गई जबकि एक समय उसका स्कोर बिना किसी नुकसान के 57 रन था।
पुरे दिन के खेल में 16 विकेट गिरे। इंग्लैंड के पास कुल 142 रन की बढत हो गई है। पहले दो मैच हार चुकी इंग्लैंड टीम इस मैच में जीत दर्ज करके प्रतिष्ठा बचाने के इरादे से खेल रही है।
वुड ने शाइ होप और रोस्टन चेस को अपने पहले दो ओवर में लगातार दो गेंदों पर आउट किया। इसके बाद उन्होंने शिमरोन हेटमायेर को पहली स्लिप में इंग्लैंड के कप्तान जो रूट के हाथों लपकवाया। उनका चौथा शिकार शेन डोरिच बने जबकि शेनोन गैब्रियल के रूप में उन्होंने पांचवां विकेट लिया।