इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में खएले जा रहे तीसरे टेस्ट के तीसरे दिन का खेल खत्म हो चुका है। इंग्लैंड ने अपनी दूसरी पारी दो विकेट पर 226 रन बनाकर घोषित करके वेस्टइंडीज के सामने तीसरे और अंतिम टेस्ट क्रिकेट मैच में रविवार को 399 रन का मुश्किल लक्ष्य रखा।
स्टुअर्ट ब्रॉड की घातक गेंदबाजी तथा शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन से इंग्लैंड ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे और अंतिम टेस्ट में रविवार को यहां शिकंजा कस दिया। ब्रॉड ने पहली पारी में 31 रन देकर छह विकेट लिए जिससे इंग्लैंड ने तीसरे दिन सुबह के सत्र में वेस्टइंडीज को 197 रन पर आउट करके 172 रन की बढ़त हासिल की।
मैच के चौथे और पांचवें दिन बारिश की भविष्यवाणी को देखते हुए इंग्लैंड ने अपनी दूसरी पारी दो विकेट पर 226 रन बनाकर घोषित की और इस तरह से वेस्टइंडीज के सामने 399 रन का लक्ष्य रखा। वेस्टइंडीज ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक दो विकेट खोकर 10 रन बनाए हैं और वह लक्ष्य से अभी 389 रन दूर है। ब्रॉड (आठ रन देकर दो) ने ये दोनों विकेट लेकर अपने कुल टेस्ट विकेटों की संख्या 499 पर पहुंचा दी।
ओपनर रोरी बर्न्स (90) और डोम सिबली (56) ने पहले विकेट के लिए 114 रन जोड़कर इंग्लैंड को दूसरी पारी में अच्छी शुरुआत दिलाई। इसके बाद कप्तान जो रूट ने 56 गेंदों पर नाबाद 68 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने बर्न्स के साथ दूसरे विकेट के लिए 112 रन की साझेदारी की। बर्न्स को स्पिनर रोस्टन चेज ने सब्स्टीट्यूट विकेटकीपर जोशुआ डा सिल्वा के हाथों कैच कराया जिसके तुरंत बाद रूट ने पारी समाप्त घोषित कर दी।