इंग्लैंड-श्रीलंका के बीच गॉल स्टेडियम में पहला टेस्ट मैच खेला जा रहा है। दोनों टीमों के बीच जारी पहले टेस्ट के पहले दिन इंग्लैंड ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट के नुकसान पर 321 रन बनाए। इंग्लिश बल्लेबाज बेन फॉक्स (87) और जैक लीच (14) रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं।
बेन फॉक्स श्रीलंका के खिलाफ 184 गेंदों का सामना करने के बाद छह चौकों की मदद से 87 रन बनाकर खेल रहे हैं। इसके अलाव ओपनर बल्लेबाजी कीटोन जेनिंग ने 46 रन की बेहतरीन पारी खेली। निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हुए सैम करन ने 48 रन का योगदान दिया।
सर्रे के विकेटकीपर बल्लेबाज बेन फॉक्स को पता था कि उन्हें जॉनी बेयरस्टॉ के अनफिट होने के कारण मौका मिला लेकिन उन्होंने इस अवसर का पूरा फायदा उठाया। फॉक्स ने इस बीच सैम कुरेन (48) के साथ सातवें विकेट के लिये 88 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। इंग्लैंड ने श्रीलंका के दिग्गज स्पिनर रंगना हेराथ के अंतिम मैच में टास जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।
दाएं हाथ के बल्लेबाज फॉक्स ने अंतिम सत्र के शुरू में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने छठे विकेट के लिये जोस बटलर (38) के साथ 61 रन की साझेदारी की। बायें हाथ के बल्लेबाज कुरेन ने आक्रामक बल्लेबाजी की। उन्होंने एक चौका और तीन छक्के लगाए लेकिन केवल दो रन से अर्धशतक से चूक गए।
आदिल राशिद ने भी 35 रन की उपयोगी पारी खेली तथा फॉक्स के साथ 54 रन की साझेदारी की। स्पिनर दिलरूवान परेरा (70 रन देकर चार) ने राशिद को आउट करके अपना चौथा विकेट लिया। स्टंप उखड़ने के समय फॉक्स के साथ जैक लीच 14 रन पर खेल रहे थे।
इससे पहले बायें हाथ सबसे स्पिनर हेराथ ने इंग्लैंड के कप्तान जो रूट (35) को आउट करके गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम पर 100 विकेट लेने का उपलब्धि हासिल की। किसी एक खास मैदान पर 100 विकेट लेने का कारनामा हेराथ के अलावा उनके हमवतन मुथैया मुरलीधरन और इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडसरन ही कर पाये हैं। मुरलीधरन ने गॉल, कैंडी और एसएससी कोलंबो में जबकि एंडरसन ने लॉर्डस के मैदान पर यह रिकॉर्ड बनाया।
इंग्लैंड की शुरूआत खराब रही। दिग्गज एलिस्टेयर कुक की जगह टीम में शामिल हुए रोरी बर्न्स (09) सुरंगा लकमल की गेंद पर विकेटकीपर को कैच दे बैठे। लकमल ने अगली गेंद पर ही मोइन अली को बोल्ड कर दिया। इसके बाद रूट ने कीटोन जेनिंग्स (46) के साथ 62 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी को हेराथ ने रूट को बोल्ड कर तोड़ा।