फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ENG vs NZ: रॉबिन्सन और एटकिंसन की घातक गेंदबाजी, इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को 115 रन से हराया; 1-0 से बनाई बढ़त

Sun, 07 Jun 2026 07:07 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लंदन

सार

इंग्लैंड ने गस एटकिंसन और ओली रॉबिन्सन की शानदार गेंदबाजी के दम पर न्यूजीलैंड को 115 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। 254 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की टीम 138 रन पर सिमट गई, जबकि एटकिंसन ने दूसरी पारी में पांच विकेट झटके।
विज्ञापन
इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को हराया - फोटो : @englandcricket
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ओली रॉबिन्सन की शानदार वापसी और गस एटकिंसन की घातक गेंदबाजी की बदौलत इंग्लैंड ने लॉर्ड्स में खेले गए बारिश से प्रभावित पहले टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड को 115 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। चौथे दिन इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड की दूसरी पारी को 138 रन पर समेटते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। 254 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही न्यूजीलैंड की टीम ने तीसरे दिन का खेल 55/5 के स्कोर पर समाप्त किया था। बारिश के कारण तीसरे दिन का अधिकांश खेल नहीं हो सका था, लेकिन चौथे दिन इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को संभलने का कोई मौका नहीं दिया।
विज्ञापन

एटकिंसन ने दूसरी पारी में झटके पांच विकेट 
दिन की शुरुआत में जोश टंग ने टॉम ब्लंडेल को आउट कर न्यूजीलैंड को बड़ा झटका दिया। इसके बाद टीम 58/6 के स्कोर पर संघर्ष करती नजर आई। हालांकि ग्लेन फिलिप्स ने अकेले मोर्चा संभालते हुए नाबाद 44 रन की जुझारू पारी खेली, जबकि डेवोन कॉनवे ने 41 रन बनाए। दोनों के बीच महत्वपूर्ण साझेदारी हुई, लेकिन कप्तान बेन स्टोक्स ने कॉनवे को आउट कर इंग्लैंड को मैच में पूरी तरह हावी कर दिया। इसके बाद गस एटकिंसन ने कहर बरपाते हुए नाथन स्मिथ, काइल जैमीसन और मैट हेनरी को आउट कर पारी समेट दी। एटकिंसन ने दूसरी पारी में पांच विकेट लेकर लॉर्ड्स में एक और यादगार प्रदर्शन दर्ज किया। जोश टंग और ओली रॉबिन्सन को दो-दो विकेट मिले।

रॉबिन्सन की धमाकेदार वापसी
करीब दो साल बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी कर रहे ओली रॉबिन्सन इंग्लैंड की जीत के सबसे बड़े नायकों में रहे। न्यूजीलैंड की पहली पारी में उन्होंने पांच विकेट लेकर मेहमान टीम को 113 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई। रॉबिन्सन ने अपने स्पेल में एक शानदार ट्रिपल-विकेट मेडन भी फेंका और 5/39 के आंकड़े दर्ज किए।

पहली पारी में न्यूजीलैंड का दबदबा, फिर इंग्लैंड की वापसी
न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। अनुकूल परिस्थितियों का फायदा उठाते हुए काइल जैमीसन ने 5/62 की शानदार गेंदबाजी की और इंग्लैंड को पहली पारी में 140 रन पर समेट दिया। इंग्लैंड की ओर से हैरी ब्रूक ने सबसे ज्यादा 56 रन बनाए। हालांकि इंग्लैंड ने जोरदार वापसी करते हुए न्यूजीलैंड को पहली पारी में सिर्फ 113 रन पर रोक दिया और 27 रन की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की।

दूसरी पारी में इमिलियो गे ने दिखाई प्रतिभा
इंग्लैंड की दूसरी पारी में पदार्पण कर रहे इमिलियो गे ने शानदार 57 रन बनाए। उनके अलावा जेमी स्मिथ ने 39 और बेन डकेट ने 33 रन का योगदान दिया। इंग्लैंड ने दूसरी पारी में 226 रन बनाकर न्यूजीलैंड के सामने 254 रन का लक्ष्य रखा। न्यूजीलैंड की ओर से नाथन स्मिथ ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए छह विकेट लिए, लेकिन बल्लेबाज लक्ष्य का पीछा करने में नाकाम रहे।
विज्ञापन

पिच पर उठे सवाल
लॉर्ड्स टेस्ट महज लगभग 167 ओवर में समाप्त हो गया, जो मैदान के इतिहास के सबसे छोटे पूर्ण टेस्ट मैचों में से एक रहा। पूरे मैच में पिच से तेज गेंदबाजों को लगातार मदद मिली। सीम मूवमेंट और अनियमित उछाल के कारण बल्लेबाजों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। मैच में कुल चार तेज गेंदबाजों काइल जैमीसन, ओली रॉबिन्सन, नाथन स्मिथ और गस एटकिंसन ने पांच-पांच विकेट हासिल किए। न्यूजीलैंड को खराब फील्डिंग का भी खामियाजा भुगतना पड़ा। टीम ने मैच में पांच कैच छोड़े और इमिलियो गे के खिलाफ एक महत्वपूर्ण रिव्यू भी गंवा दिया, जो बाद में इंग्लैंड के लिए अहम साबित हुआ। अब दोनों टीमों के बीच सीरीज का दूसरा टेस्ट 17 जून से द ओवल में खेला जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें