भले ही ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के कप्तान स्टीवन स्मिथ को दूसरे वनडे अंतरराष्ट्रीय मैच में इंग्लैंड के हरफनमौला खिलाड़ी बेन स्टोक्स को विवादास्पद तरीके से आउट करार दिए जाने का कोई पछतावा नहीं हो लेकिन विपक्षी टीम के कप्तान इयोन मोर्गन ने इस पर असहमति जताई है।
स्टोक्स को शनिवार को लॉर्ड्स में खेले गए दूसरे वनडे में फील्डिंग में बाधा पहुंचाने पर आउट दिया गया था। मौजूदा विश्व चैंपियन टीम ऑस्ट्रेलिया ने इस मुकाबले को 64 रनों से जीतकर पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है।
इंग्लैंड की पारी के 26वें ओवर में स्टोक्स ने स्ट्रेट ड्राइव किया जिसे गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने रोक दिया। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज स्टार्क ने इसके बाद स्टोक्स की ओर गेंद फेंकी। लेकिन स्टोक्स ने गेंद को हाथ से रोक दिया। जिसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने अपील की कि स्टोक्स ने सीधे रन आउट की संभावना को समाप्त कर दिया।
मैंदानी अंपायर कुमार धर्मसेना और टिम रोबिनसन ने तीसरे अंपायर जोएल विल्सन से राय मांगी जिन्होंने फिल्डिंग में बाधा पहुंचाने पर स्टोक्स को आउट दे दिया। स्मिथ चाहते तो अपील को वापस ले सकते थे लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया।