क्रिकेट जगत की सबसे प्रतिष्ठित सीरीज एशेज का इतिहास बदलने उतरी इंग्लैंड टीम इस बार ऑस्ट्रेलिया को कोई मौका नहीं दे रही। पहला मुकाबला अगर करीबी रहा था, तो दूसरे टेस्ट में अंग्रेजों ने अपने खेल का स्तर और ऊंचा कर दिया।
उम्मीदों के मुताबिक इंग्लैंड की टीम ने लॉर्ड्स में बड़ी जीत हासिल करने के साथ ही एशेज सीरीज में अपना दबदबा कायम रखा है।
एलिस्टर कुक की अगुवाई वाली मेजबान टीम ने अब तक सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए माइकल क्लार्क की कंगारू टीम से खुद को हर क्षेत्र में बेहतर साबित भी किया है।
ट्रेंटब्रिज टेस्ट में 14 रनों से हराने के बाद इंग्लैंड ने रविवार को ऑस्ट्रेलिया को लॉर्ड्स में भी 347 रनों के विशाल अंतर से हराया। इसके साथ ही मेजबान टीम ने पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है।
इतिहास की बात करें, तो एशेज सीरीज में ऑस्ट्रेलिया का अब तक दबदबा रहा है और 130 साल पुरानी एशेज सीरीज में 31 बार सीरीज पर कब्जा जमा चुका है।
लेकिन इस बार मामला कुछ उलट नजर आ रहा है, इंग्लैंड ने 1986-87 के बाद पहली बार एशेज में 2-0 की बढ़त हासिल की है।
कैप्टन कुक की टीम का यही प्रदर्शन आगे भी जारी रहा तो इंग्लिश टीम 85 साल पुराने एक इतिहास को भी तोड़ सकती है।
1928 में आखिरी बार इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को एशेज में लगातार चार टेस्ट मैचों में शिकस्त दी थी। इंग्लैंड के पास इस आठ दशक पुराने कीर्तिमान को तोड़ने का सुनहरा अवसर है।