इंग्लैंड की सबसे उम्रदराज पूर्व महिला क्रिकेटर एलीन एश ने रविवार को लॉर्ड्स स्टेडियम में बेल बजाकर 2017 महिला वर्ल्ड कप के फाइनल की औपचारिक शुरुआत की। एश ने खेल शुरू होने से पांच मिनट पहले बेल बजाई।
विश्व युद्ध से पहले और बाद में इंग्लैंड के लिए 7 टेस्ट मैच खेलने वाली 105 वर्षीया एलीन ने बेल बजाकर भारत और इंग्लैंड के बीच फाइनल मैच शुरू करने का संकेत दिया। उत्तरी लंदन में जन्मी एलीन ने इंग्लैंड की तरफ से 1937 में नॉर्थेम्पटन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था। उन्होंने बतौर तेज गेंदबाज अपने करियर की शुरुआत की और उस गर्मी में तीन टेस्ट खेलते हुए 10 विकेट चटकाए थे।
इसके बाद 12 साल तक वो इंग्लैंड के लिए खेलती हुई नजर नहीं आई। हालांकि बाद में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के दौरे पर जाकर चार टेस्ट और खेले।