साउथम्पटन के रोज बाउल स्टेडियम में तीन मैचों की टी-20 श्रृंखला की शुरुआत शुक्रवार से होगी और कोविड-19 से जुड़ी पाबंदियों के बीच यह श्रृंखला खाली स्टेडियम में खेली जाएगी। इंग्लैंड की टीम के लिए हालांकि खाली स्टेडियम में खेलना अब नई चीज नहीं है। टीम महामारी के बावजूद वेस्टइंडीज, आयरलैंड और पाकिस्तान के खिलाफ सभी प्रारूपों में श्रृंखला खेल चुकी है।
आस्ट्रेलिया इस कड़ी में इंग्लैंड पहुंचने वाली अगली टीम है और वह भी बाकियों की तरह ही जैविक रूप से सुरक्षित माहौल में रहेगी। यहां 11 दिन पहले पहुंचने के बाद आस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने या तो अभ्यास किया है या फिर होटल में समय बिताया है।
पाकिस्तान के खिलाफ इंग्लैंड की टी-20 श्रृंखला 1-1 से बराबरी पर रही लेकिन इससे मेजबान टीम को आस्ट्रेलिया के खिलाफ श्रृंखला की तैयारी करने का अच्छा मौका मिला।
इंग्लैंड की टी-20 टीम जोस बटलर, जोफ्रा आर्चर और मार्क वुड की वापसी से मजबूत हुई है। लेकिन टीम को ऑलराउंडर बेन स्टोक्स और सलामी बल्लेबाज जेसन रॉय की कमी खल सकती है। स्टोक्स कैंसर से पीड़ित अपने बिता के पास न्यूजीलैंड लौट गए हैं जबकि रॉय की बायीं तरफ की मांसपेशियों में खिंचाव है। टेस्ट कप्तान जो रूट को टी-20 टीम में जगह नहीं मिली है लेकिन वह 11 सितंबर से शुरू हो रही तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला के लिए टीम का हिस्सा हैं। पाकिस्तान के खिलाफ आक्रामक सलामी बल्लेबाजी करने वाले टॉम बेनटन ने 71, 20 और 46 रन की पारियां खेलकर सुर्खियां बटोरी हैं।
उधर आस्ट्रेलिया के पास अनुभवी टी-20 खिलाड़ी हैं जिन्होंने टीम को रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचाया है। ऐसे में पिछले एक साल में टेस्ट और एकदिवसीय टीम में प्रभावित करने के बावजूद मार्नस लाबुशेन को टी-20 में पदार्पण के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।