जेम्स एंडरसन और स्टुअर्ट ब्रॉड
- फोटो : ट्विटर
इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच चल रहे दूसरे टेस्ट मैच में स्टुअर्ट ब्रॉड जबरदस्त गेंदबाजी कर रहे हैं। अपनी सटीक लाइन लेंग्थ और रफ्तार से कैरेबियाई बल्लेबाजों को परेशान करने के बाद उनके हौंसले बुलंद है। यही कारण है कि उन्होंने अपना करियर लंबा खींचने के संकेत दिए। ब्रॉड ने कहा कि वे करियर को लंबा खींचने के मामले में टीम के अपने साथी तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन के नक्शेकदम पर चलना चाहते हैं और कुछ और साल खेलने के लिए फिट हैं।
साउथम्पटन में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए ब्रॉड को नजरअंदाज किया गया था लेकिन दूसरे टेस्ट में 34 साल के इस तेज गेंदबाज ने वापसी की और चौथे दिन तीन विकेट चटकाकर इंग्लैंड का पलड़ा भारी कर दिया। इसके बाद पांचवें दिन भी उन्होंने कैरेबियाई बल्लेबाजों की कमर तोड़ दी।
तीस जुलाई को 38 बरस के हो रहे एंडरसन को ओल्ड ट्रैफर्ड में चल रहे दूसरे टेस्ट से आराम दिया गया है। बीबीसी स्पोर्ट ने ब्रॉड के हवाले से कहा, ‘जो जिमी ने किया है उसे क्यों नहीं दोहराया जाए, उसकी उम्र तक खेला जाए और उसकी तरह सफलता हासिल की जाए। मैं भूखा हूं। मेरा फिटनेस रिकॉर्ड अच्छा है। अगर मैं इसे लक्ष्य बनाऊं, अगर मैं कोई लक्ष्य बनाता हूं तो उसे हासिल करने के लिए मेरी भूख बढ़ जाती है।’
ब्रॉड एंडरसन के 587 टेस्ट विकेट से 99 विकेट पीछे हैं। उन्होंने कहा, ‘कभी कभी मुझे मेरी उम्र से अधिक के वर्ग में रखा जाता है। जिमी ने मेरी उम्र पार करने के बाद भी ये विकेट चटकाए हैं। मैं ऐसा क्यों नहीं कर सकता।’