भारत के खिलाफ टेस्ट मैच और वनडे, टी20 सीरीज से पहले इंग्लैंड की टीम को बड़ा झटका लगा है। इंग्लैंड के स्टार तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर फिर से चोटिल होकर पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। भारत के खिलाफ सीरीज से पहले उनके मैदान में वापस लौटने की उम्मीद थी, लेकिन अब इंग्लैंड की टीम और खुद जोफ्रा आर्चर को बड़ा झटका लगा है। इंग्लैंड की टीम टी20 विश्व कप से पहले उनके ठीक होने की उम्मीद करेगी।
आर्चर आखिरी बार पिछले साल जुलाई के महीने में प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेले थे। वो इंग्लैंड के भारत दौरे में टी20 और टेस्ट टीम का हिस्सा थे। इसके बाद वो चोटिल होकर बाहर हुए थे। वो ससेक्स के लिए मई के महीने में वापसी करने वाले थे, लेकिन ट्रायल के दौरान वो फिर से चोटिल हो गए और पूरे सीजन से बाहर हो गए। उनकी वापसी को लेकर कोई समयसीमा निर्धारित नहीं की गई है। आने वाले समय में एक्सपर्ट के साथ बातचीत के बाद उनकी वापसी का पूरा प्लान तैयार किया जाएगा।
14 महीने में तीन सर्जरी करा चुके हैं जोफ्रा
27 साल के जोफ्रा आर्चर 14 महीने में तीन बार सर्जरी करा चुके हैं। दो सर्जरी उनकी कुहनी को ठीक करने के लिए हुईं और तीसरी सर्जरी उनके हाथ से कांच का टुकड़ा निकालने के लिए कई गई। इस सर्जरी के बाद जोफ्रा इंग्लैंड की टीम के साथ वेस्टइंडीज के दौरे पर भी गए थे और चोट से उबर रहे थे। अपनी चोट को लेकर बातचीत में उन्होंने कहा था कि जब आपको मजबूरन सर्जरी करानी पड़ती है, तब आप सोचते हैं कि क्या दूसरी बार आप क्रिकेट खेल पाएंगे, क्या आप सभी फॉर्मेट खेल पाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने इंग्लैंड क्रिकेट का धन्यवाद किया था। आर्चर के अनुसार इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने लंबे समय तक उन्हें आश्वासन दिया था और चोट से वापसी में मदद की।
आर्चर को लगा खत्म हो जाएगा ईसीबी का कॉन्ट्रैक्ट
जोफ्रा आर्चर ने लिखा था "मुझे एक समय लगा कि ईसीबी के साथ मेरा अनुबंध खत्म हो जाएगा। उस समय चीजें सही नहीं हो रही थीं, लेकिन अब मेरे अंदर विश्वास है कि भविष्य में क्या होने वाला है।"
कम समय में चमके आर्चर
जोफ्रा आर्चर ने इंग्लैंड के लिए 50 से कम मैच खेले हैं, लेकिन अपने छोटे से करियर में ही उन्होंने काफी प्रभावित किया है। 2019 विश्व कप में उन्होंने 20 विकेट लिए थे और इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। वहीं, टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में वो तीसरे स्थान पर थे। इस विश्व कप के फाइनल में उन्होंने इंग्लैंड के लिए ऐतिहासिक सुपर ओवर किया था, जिसे जीतकर इंग्लैंड पहली बार विश्व चैंपियन बना था।
2019 एशेज में भी किया कमाल
2019 एशेज में भी आर्चर ने कमाल किया था, उन्होंने चार टेस्ट मैच में 22 विकेट अपने नाम किए थे। इस सीरीज में सिर्फ पैट कमिंस 29 विकेट और स्टुअर्ट ब्रॉड 23 विकेट ही उनसे आगे थे। इन दोनों गेंदबाजों ने पांच टेस्ट खेले थे। मौजूदा समय में इंग्लैंड क्रिकेट काफी बदलावों से गुजर रहा है। बेन स्टोक्सन इंग्लैंड के नए टेस्ट कैप्टन और ब्रेंडन मैक्कुलम नए टेस्ट कोच बनाए गए हैं। वहीं मैथ्यू मॉट को वनडे और टी20 टीम का कोच बनाया गया है।