भारत ए और इंग्लैंड लायंस के बीच खेला गया दूसरा अनौपचारिक टेस्ट मैच चौथे और आखिरी दिन ड्रॉ पर समाप्त हुआ। तनुष कोटियान की शानदार बल्लेबाजी और अंशुल कंबोज के साथ आठवें विकेट के लिए हुई 149 रनों की साझेदारी के दम पर भारत ए ने इंग्लैंड लायंस को 439 रनों का लक्ष्य दिया था। दिन का खेल समाप्त होने तक इंग्लैंड लायंस की टीम तीन विकेट पर 32 रन बना पाई थी। दूसरी पारी में भारत ए के लिए अंशुल कंबोज ने दो विकेट लिए, जबकि तुषार देशपांडे को एक विकेट मिला।
तनुष-कंबोज ने की बेहतरीन साझेदारी
तनुष-कंबोज की शानदार साझेदारी की मदद से भारत ए ने अपनी दूसरी पारी सात विकेट पर 417 रन बनाकर घोषित की थी। भारत ए ने इस तरह कुल 438 रनों की बढ़त हासिल की और इंग्लैंड लायंस के सामने जीत के लिए 439 रनों का लक्ष्य रखा। कोटियान शतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन तभी चायकाल की घोषणा कर दी गई। तीसरा सत्र शुरू होने से पहले ही भारत ए ने पारी घोषित करने का फैसला किया। कोटियान 108 गेंदों पर 10 चौकों और एक छक्के की मदद से 90 रन और अंशुल कंबोज 86 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के के सहारे 51 रन बनाकर नाबाद रहे। इन दोनों बल्लेबाजों ने शानदार साझेदारी कर दूसरे सत्र में इंग्लैंड लायंस को एक भी सफलता हासिल नहीं करने दी।
इससे पहले, इंग्लैंड लायंस की टीम ने पहली पारी में भारत ए के 348 रनों के जवाब में 327 रन बनाए थे। भारत ए के लिए ध्रुव जुरेल और नीतीश कुमार रेड्डी ने चौथे दिन खेल की शुरुआत की। दोनों बल्लेबाजों के बीच पांचवें विकेट के लिए 46 रनों की साझेदारी हुई। एडी जैक ने जुरेल को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा जो 28 रन बनाकर आउट हुए। नीतीश अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे और अर्धशतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन जॉर्ज हिल ने उन्हें बोल्ड कर भारत को छठा झटका दिया। नीतीश अर्धशतक लगाने से चूक गए और 78 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 42 रन बनाकर आउट हुए। हिल ने फिर शार्दुल ठाकुर को भी अपना शिकार बनाया और बोल्ड कर पवेलियन भेजा। शार्दुल के आउट होते ही लंच ब्रेक की घोषणा की गई। शार्दुल 47 गेंदों पर 34 रन बनाकर आउट हुए। भारत ए ने तीसरे दिन यशस्वी जायसवाल (5), केएल राहुल (51), करुण नायर (15) और कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन (80) के विकेट गंवाए दिए थे। इंग्लैंड लायंस की ओर से जॉर्ज हिल ने तीन विकेट लिए, जबकि क्रिस वोक्स और एडी जैक को दो-दो विकेट मिले।