न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के बीच क्राइस्टचर्च में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक मेहमान टीम इंग्लैंड ने दूसरी पारी में 3 विकेट के नुकसान पर 202 रन बना लिए हैं। फिलहाल, जो रूट (30*) और डेविड मलान (19*) रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। इसके साथ ही इंग्लैंड ने 231 रन की बढ़त बना ली और उसके 7 विकेट शेष है।
इससे पहले
न्यूजीलैंड की पहली पारी खेल के तीसरे दिन 278 रनों पर समाप्त हुई और इंग्लैंड को 29 रनों की बढ़त हासिल हुई। कीवी टीम ने खेल के तीसरे दिन (192/6) से आगे खेलना शुरू किया और तीसरे दिन अपने स्कोर में 86 रन और जोड़े। बीजे वाटलिंग 85 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, टिम साउदी ने निचले क्रम में 50 रनों की अहम पारी खेली। उन्होंने महज 48 गेंदों पर ये 50 रन बनाए। नील वैगनर 24 रन बनाकर नाबाद रहे। इंग्लैंड की तरफ से स्टुअर्ट ब्रॉड ने (54/6) और जेम्स एंडरसन (76/4) विकेट झटके।
दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज एलिस्टर कुक एक बार फिर फ्लॉप रहे। वह केवल 14 रन बनाकर ही आउट हो गए। इसके बाद मार्क स्टोनमैन (60) और जेम्स विंस (76) ने 123 रनों की शानदार साझेदारी की। इसी दौरान दोनों बल्लेबाजों ने अपना-अपना अर्धशतक भी पूरा किया। हालांकि, खेल के चौथे दिन कप्तान जो रूट और डेविड मलान पर जिम्मेदारी होगी कि वह टीम को एक बड़े स्कोर की ओर ले जाएं। दूसरी पारी में न्यूजीलैंड की तरफ से ट्रेंट बोल्ट ने 2 और टिम साउदी 1 विकेट लिए हैं।