इंग्लैंड के तूफानी तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर लंबे समय से क्रिकेट के मैदान से बाहर हैं। मार्च 2021 के बाद आर्चर अब तक एक भी अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेल पाए हैं। चोट से ठीक होने के बाद आर्चर अब वापसी करने वाले हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इंग्लैंड का यह तेज गेंदबाज 26 मई को मैदान पर उतरेगा। आर्चर इंग्लैंड के घरेलू टूर्नामेंट टी20 ब्लास्ट में खेलेंगे। आर्चर को एक समय क्रिकेट के मैदान पर वापसी की उम्मीद नहीं थी। इस बारे में उन्होंने खुद ही एक लेख में बताया है।
आर्चर भारत के खिलाफ पिछले साल टी20 मैच खेलने के बाद क्रिकेट से दूर हो गए थे। कोहनी में चोट के कारण आर्चर आईपीएल 2021 से दूर रहे थे। पिछले साल उन्होंने काउंटी टीम ससेक्स की ओर से कुछ मैच जरूर खेले थे, लेकिन फिर से चोट लगने के कारण उन्हें मैदान से दूर होना पड़ा था। आर्चर की कोहली के अब तक दो ऑपरेशन हुए हैं। दिसंबर 2021 में दूसरी बार ऑपरेशन के बाद आर्चर को वापसी में परेशानी हुई है। चोट के कारण इंग्लैंड का यह स्टार तेज गेंदबाज टी20 वर्ल्ड कप, एशेज और आईपीएल 2022 से दूर रहा है।
मुंबई ने नीलामी में लुटाए थे आठ करोड़ रुपये
आर्चर को इस साल फरवरी में हुए नीलामी में मुंबई इंडियंस ने आठ करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था। हालांकि, आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने पहले ही बता दिया था कि आर्चर इस सीजन में नहीं खेलेंगे। इसलिए फ्रेंचाइजी उन्हें खरीदने से पहले पूरी तरह सोच ले। मुंबई ने यह जानने के बाद भी आर्चर को अपनी टीम में शामिल किया। उनके लिए नीलामी में मुंबई, राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिले।
आर्चर ने चोट और वापसी के बारे में क्या कहा?
आर्चर ने इंग्लैंड के अखबार डेली मेल में लिखे लेख में चोट और वापसी के बारे में बताया। आर्चर ने लिखा- उन्हें इस बात का डर था कि क्रिकेट के मैदान वो वापसी कर पाएंगे या नहीं। उनका आत्मविश्वास खत्म हो चुका है। ऐसे समय में ईसीबी (इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड) ने उनका आत्मविश्वास बढ़ाया। उन्हें यह बताया कि उनका अनुबंध खत्म नहीं किया जाएगा। जब आपको दोबारा ऑपरेशन का सामना करना पड़े तो आपके दिमाग में यह चलने लगता है कि क्रिकेट में आपकी वापसी हो पाएगी या नहीं।
जोफ्रा ने अपनी वापसी को लेकर कहा कि ससेक्स की ओर से बेहतर प्रदर्शन करने पर नजर है। टी20 ब्लास्ट में खेलूंगा। उनका ध्यान पहले सीमित ओवरों की क्रिकेट में वापसी करने पर है। इसके बाद धीरे-धीरे सभी फॉर्मेट में खेलेंगे। आर्चर ने 13 टेस्ट मैचों में 42 और 17 वनडे मुकाबलों में 30 विकेट लिए हैं। अंतरराष्ट्रीय टी20 में 12 मैचों में 14 विकेट झटके हैं। 35 आईपीएल मैचों में आर्चर के नाम 46 विकेट हैं।