एंडरसन ने अपने करियर में सचिन और कोहली दोनों के खिलाफ गेंदबाजी की और उन्हें कई बार सफलता भी मिली। एंडरसन ने सचिन को नौ और कोहली को सात बार अपना शिकार बनाया।
इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने भारतीय बल्लेबाज के खिलाफ प्रतिस्पर्धा पर राय रखी है। एंडरसन का कहना है कि उन्होंने अपने 21 साल के करियर के दौरान सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली के खिलाफ गेंदबाजी करने का आनंद लिया। हालांकि, एंडरसन ने साथ ही कहा कि उन्हें कोहली को गेंदबाजी करना थोड़ा मुश्किल लगा। एंडरसन ने 2003 में टेस्ट डेब्यू किया था और पिछले सत्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा।
विज्ञापन
सचिन-कोहली के खिलाफ हासिल की है सफलताएं
एंडरसन ने अपने करियर में सचिन और कोहली दोनों के खिलाफ गेंदबाजी की और उन्हें कई बार सफलता भी मिली। एंडरसन ने सचिन को नौ और कोहली को सात बार अपना शिकार बनाया। भारत और इंग्लैंड के बीच एक बार फिर टेस्ट सीरीज होगी, लेकिन इस बार कोहली और एंडरसन इस सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे। कोहली ने हाल ही में टेस्ट प्रारूप से संन्यास ले लिया था।
एंडरसन ने कहा, कोहली के खिलाफ मुझे शुरुआत में कुछ सफलता मिली थी, जब वह 2014 में पहली बार इंग्लैंड आए थे। मैंने इसका काफी फायदा उठाया, ऑफ स्टंप के बाहर की गेंद उनकी कमजोरी थी, इसका काफी फायदा उठाया और फिर अगली बार 2018 में जब मैं उनके खिलाफ खेला तो उन्होंने स्पष्ट रूप से उस पर काम किया और यह एक अलग खिलाड़ी को गेंदबाजी करने जैसा था।
एंडरसन ने कहा, कोहली वास्तव में अपने खेल को एक अलग स्तर पर ले गया जिसने ना केवल मेरे लिए बल्कि सामान्य रूप से सभी गेंदबाजों के लिए इसे बहुत मुश्किल बना दिया और मुझे लगता है कि मैंने पहली सीरीज में शायद उसे चार या पांच बार आउट किया और फिर अगली सीरीज में जब मैंने उसके खिलाफ खेला तो उसे आउट नहीं कर पाया। उदाहरण के लिए सचिन के खिलाफ मुझे ऐसा नहीं लगा जैसे कोहली के साथ वर्चस्व में बदलाव हुआ, निश्चित रूप से बदलाव था और हां, मुझे गेंदबाजी करने के लिए वह काफी मुश्किल खिलाड़ी लगा क्योंकि उसके पास उस तरह की दृढ़ मानसिकता भी थी।