इंग्लैंड को इस महीने के अंत में सीमित ओवरों की सीरीज के लिए भारत का दौरा करना है। इससे पहले ही उसे राहत की खबर मिली है क्योंकि उसके तेज गेंदबाज साकिब महमूद को भारत दौरे के लिए वीजा मिल गया है। भारत और इंग्लैंड के बीच सीमित ओवरों की सीरीज 22 जनवरी से पांच मैचों की टी20 सीरीज के साथ शुरू होगी जिसका पहला मुकाबला कोलकाता के ईडेन गार्डेंस पर खेला जाएगा।
यूएई में टीम से जुड़ेंगे महमूद
पाकिस्तानी मूल के महमूद को वीजा मिलने में विलंब के कारण यूएई में इंग्लैंड के अभ्यास शिविर से बाहर रहना पड़ा। लंकाशायर के 27 वर्ष के तेज गेंदबाज महमूद यूएई में टीम से जुड़ेंगे जहां टीम ने जोफ्रा आर्चर, गुस एटकिंसन, ब्रायडन कार्स और मार्क वुड जैसे तेज गेंदबाजों के लिए अभ्यास शिविर लगाया था। पाकिस्तानी मूल के दो अन्य खिलाड़ियों आदिल रशीद और रेहान अहमद को वीजा पहले ही मिल गया था।
पहले भी वीजा मिलने में हुई हैं दिक्कतें
महमूद को 2019 में भी दिक्कत आई थी जब वीजा मिलने में विलंब के कारण उनकी जगह किसी और को भारत दौरे के लिये टीम में शामिल किया गया। पिछले साल ऑफ स्पिनर शोएब बशीर को भारत के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज से ठीक पहले लंदन लौटना पड़ा क्योंकि उन्हें वीजा लेना था। यह पहली बार नहीं है जब पाकिस्तानी मूल के किसी क्रिकेटर को भारत का वीजा हासिल करने में देरी का सामना करना पड़ा है। इंग्लैंड के स्पिनर शोएब बशीर पिछले साल वीजा मिलने में हुई देरी के कारण दोनों देशों के बीच हैदराबाद में खेले गए पहले टेस्ट मैच का हिस्सा नहीं बन पाए थे।
भारत के खिलाफ सीरीज के लिए इंग्लैंड की टी20 टीम इस प्रकार है...
जोस बटलर (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, जैकब बेथेल, हैरी ब्रूक, ब्राइडन कार्से, बेन डकेत, जैमी ओवरटन, जैमी स्मिथ, लियाम लिविंगस्टोन, आदिल राशिद, साकिब महमूद, फिल सॉल्ट, मार्क वुड।