आईपीएल के 18वें सत्र के बाद भारत को पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए इंग्लैंड का दौरा करना है। भारत और इंग्लैंड के बीच यह सीरीज जून से अगस्त तक खेली जाएगी। इससे पहले ही इंग्लैंड को बड़ा झटका लग सकता है क्योंकि भारत के खिलाफ इस महत्वपूर्ण सीरीज में उसके तेज गेंदबाज ओली स्टोन का खेलना मुश्किल है। स्टोन चोटिल होने के कारण बाहर होने के कगार पर है।
विज्ञापन
स्टोन को करानी होगी सर्जरी
इस 31 साल के गेंदबाज के दाएं घुटने में चोट उनकी काउंटी टीम नॉटिंघमशायर काउंटी के घरेलू सत्र शुरू होने से पहले अबुधाबी में टीम के अभ्यास सत्र के दौरान लगी थी। इंग्लैंड के 31 साल के गेंदबाज ने अभी तक पांच टेस्ट खेले हैं। पिछला टेस्ट अगस्त-सितंबर में श्रीलंका के खिलाफ खेला था। अब तक उन्होंने 17 टेस्ट विकेट लिए हैं। स्कैन से पता चला है कि उन्हें सर्जरी की जरूरत पड़ेगी जोकि इस हफ्ते होगी। वह 14 हफ्ते तक मैदान से दूर रह सकते हैं। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड और नॉटिघंमशायर की मेडिकल टीम उनकी चोट पर नजर रखे हुए हैं।